Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

नैनीसैनी एयरपोर्ट से उड़ान भरेंगे 72 सीटर विमान

विस्तारीकरण को मिली हरी झंडी
पिथौरागढ़। सीमांत जनपद पिथौरागढ़ वासियों को शीघ्र ही हवाई यातायात के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिलने जा रही है। नैनीसैनी एयरपोर्ट को अब थ्री-सी श्रेणी में उच्चीकृत कर दिया गया है, जिससे यहां से 72 सीटर विमानों की उड़ान संभव हो सकेगी। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (।।प्) के प्रस्ताव को राज्य सरकार की सैद्धांतिक स्वीकृति मिल चुकी है। अब जिला प्रशासन विस्तारीकरण का विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजेगा। पूर्व में यह एयरपोर्ट टू-सी श्रेणी में था, जिसमें छोटे विमानों की उड़ान ही संभव थी। अब थ्री-सी श्रेणी में आने के बाद नैनीसैनी एयरपोर्ट से बड़े वाणिज्यिक विमान उड़ान भर सकेंगे, जिससे न केवल सीमांत क्षेत्र को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ा जा सकेगा, बल्कि पर्यटन और व्यापार को भी नई उड़ान मिलेगी। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण द्वारा किए गए तकनीकी सर्वे के बाद विस्तारीकरण की आवश्यकता बताई गई थी। इसके बाद राज्य सरकार से सैद्धांतिक स्वीकृति मिलने के साथ ही प्रशासन ने भी अपना तकनीकी सर्वे पूरा कर लिया है। अब विस्तारीकरण से संबंधित प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र ही शासन को भेजा जाएगा। विस्तारीकरण के लिए पर्याप्त भूमि की आवश्यकता होगी। नैनीसैनी एयरपोर्ट के आसपास उपजाऊ कृषि भूमि और कई भवन मौजूद हैं, जो विस्तारीकरण की जद में आ सकते हैं। स्थानीय ग्रामीण पहले ही अपनी उपजाऊ भूमि के बदले भूमि देने से इंकार कर चुके हैं। पूर्व में भूमि अधिग्रहण को लेकर आंदोलन भी हो चुके हैं। ऐसे में ग्रामीणों को सहमत कर भूमि अधिग्रहण करवाना प्रशासन के लिए सबसे बड़ी चुनौती होगी। नैनीसैनी एयरपोर्ट के उच्चीकरण और विस्तारीकरण से जहां सीमांत क्षेत्र का हवाई संपर्क बेहतर होगा, वहीं मुनस्यारी, चौकोड़ी, पातालभुवनेश्वर और आदि कैलाश जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान हो जाएगी। इससे न केवल पर्यटन को गति मिलेगी, बल्कि स्थानीय लोगों को रोजगार और व्यवसाय के नए अवसर भी प्राप्त होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *