नशे में धुत थानाध्यक्ष ने मारी तीन गाड़ियों को टक्कर, एसएसपी अजय सिंह ने किया निलंबित
देहरादून। शहर के पॉश इलाके राजपुर रोड पर सोमवार रात एक शर्मनाक घटना सामने आई, जब राजपुर थाने के थानाध्यक्ष शैंकी कुमार ने नशे में धुत होकर अपनी निजी कार से एक के बाद एक तीन वाहनों को टक्कर मार दी। दुर्घटना के तुरंत बाद घटनास्थल पर हड़कंप मच गया और लोगों ने न केवल उन्हें पकड़ लिया, बल्कि घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया। घटना का एसएसपी अजय सिंह ने तत्काल संज्ञान लेते हुए रात में ही शैंकी कुमार को निलंबित कर दिया और उनके खिलाफ राजपुर थाने में ही मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए। साथ ही विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। इस बीच कालसी थाने के प्रभारी दीपक धारीवाल को नया थानाध्यक्ष राजपुर नियुक्त किया गया है। वीडियो में शैंकी कुमार सादे कपड़ों में एक कुर्सी पर बैठे नजर आ रहे हैं, जबकि उनके चारों ओर स्थानीय लोग उन्हें घेरकर सवाल कर रहे हैं। जब वह उठकर जाने की कोशिश करते हैं, तो नशे की हालत इतनी गंभीर थी कि वह ठीक से चल भी नहीं पा रहे थे। इसी दौरान ‘चीता’ लिखी बाइक से पहुंचे कुछ पुलिसकर्मी उन्हें वहां से हटाने की कोशिश करते दिखे, लेकिन लोगों ने उन्हें रोक लिया और पुलिस की कार्रवाई की मांग की। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने के बाद जब जांच की गई तो यह स्पष्ट हुआ कि शैंकी कुमार सादे कपड़ों में होने के बावजूद डड्ढूटी पर ही थे। थाने में उनकी रवानगी की स्थिति की जांच के बाद विभागीय कार्रवाई की संस्तुति दी गई, जिस पर एसएसपी के आदेश से उन्हें निलंबित कर मुकदमा दर्ज किया गया। एसएसपी अजय सिंह ने कहा कानून सभी के लिए समान है। वर्दी में रहकर भी यदि कोई कानून का उल्लंघन करता है तो उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। राजपुर थानाध्यक्ष शैंकी कुमार के खिलाफ सभी आवश्यक विभागीय कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं।
