Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

अवैध निर्माणों पर एमडीडीए वीसी बंशीधर तिवारी का कड़ा रुख, कई बहुमंजिला भवन सील

देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण एमडीडीए ने शहर में अवैध निर्माणों और प्लाटिंग को लेकर बड़ी कार्रवाई की है। इस कार्रवाई के तहत कई बहुमंजिला भवन सील कर दिए गए हैं। प्राधिकरण का यह कदम शहरी नियोजन और सुरक्षित विकास सुनिश्चित करने की दिशा में एक सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने स्पष्ट किया कि प्राधिकरण की मंजूरी के बिना किसी भी प्रकार का निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य नागरिकों के लिए सुरक्षित और व्यवस्थित शहरी विकास सुनिश्चित करना है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कोई नरमी नहीं बरती जाएगी। एमडीडीए की टीम ने विभिन्न स्थानों पर अवैध निर्माणों को सील किया। प्रमुख कार्रवाइयों में पेसेफिक गोल्फ, सहस्त्रधारा रोड पर मयंक गुप्ता द्वारा किए गए अवैध बहुमंजिला भवन को सील करना, कुल्हान मानसिंह, सहस्त्रधारा रोड में सूरजा हैदर के अवैध भवन पर कार्रवाई करना, तथा नेहरू कॉलोनी, आवास विकास, देहरादून में वैभव बजाज द्वारा किए गए अवैध निर्माण को सील करना शामिल है। कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता शैलेंद्र सिंह रावत, अवर अभियंता गौरव तोमर, विदिता सुपरविजन, सहायक अभियंता राजेंद्र बहुगुणा और अवर अभियंता यशपाल मौके पर मौजूद रहे और पूरी प्रक्रिया की निगरानी की। एमडीडीए ने नागरिकों से अपील की है कि वे केवल प्राधिकरण से अनुमोदित नक्शे और निर्माण योजनाओं के आधार पर ही भवन निर्माण करें। किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण न केवल कार्रवाई का कारण बनेगा, बल्कि भविष्य में इसके कानूनी और आर्थिक नुकसान भी उठाने पड़ सकते हैं। बंशीधर तिवारी ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई केवल चेतावनी नहीं है, बल्कि यह दिखाती है कि सरकार और प्राधिकरण शहर को व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से विकसित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *