February 12, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

रोडवेज बस के चालक को अचानक पड़ा मिर्गी का दौरा : बस ट्रांसफार्मर से टकराई, कई यात्री चोटिल

हरिद्वार(उद संवाददाता)।उत्तराखंड में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला हरिद्वार जनपद का है, जहां हरिद्वार-लक्सर मार्ग पर यात्रियों से भरी एक रोडवेज बस अचानक अनियंत्रित होकर बिजली के ट्रांसफॉर्मर से जा टकराई। हादसे के समय बस पूरी तरह यात्रियों से भरी हुई थी और अमावस्या स्नान के चलते इलाके में भारी भीड़ भी मौजूद थी। घटना लगभग 11 बजकर 20 मिनट पर हुई। स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रोडवेज बस के चालक को अचानक मिर्गी का दौरा पड़ा, जिससे उसने बस पर से नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित बस पहले सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकराई और फिर सीधे ट्रांसफॉर्मर में जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में करंट फैल गया, जिससे बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए खिड़कियों और दरवाजों से बाहर निकलने लगे। इस दौरान कुछ यात्रियों को चोटें भी आई हैं। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बिजली विभाग और पुलिस को सूचना दी। थोड़ी ही देर में पुलिस व विद्युत विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थिति को संभाला। ड्राइवर की गंभीर हालत को देखते हुए उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि बस में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी सवार थे। गौरतलब है कि अमावस्या स्नान को लेकर हरिद्वार में इस समय बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी हुई है। जिस मार्ग पर यह हादसा हुआ, वह पहले से ही वाहनों की आवाजाही के चलते दबाव में था। हादसे के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात बाधित हो गया और लंबा जाम लग गया। हालांकि पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से स्थिति को नियंत्रित किया गया और कुछ देर बाद ट्रैफिक व्यवस्था फिर से सुचारु कर दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *