February 12, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

हरदा ने कसा तीखा तंज : जैसे-जैसे 2027 के विधानसभा चुनाव आने जा रहे ,वैसे-वैसे केंद्र सरकार को सीबीआई की याद आ रही

सीबीआई ने बहुचर्चित 2016 के स्टिंग ऑपरेशन मामले में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को भेजा नोटिस
देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति एक बार फिर गर्मा गई है। बहुचर्चित 2016 के स्टिंग ऑपरेशन मामले में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को सीबीआई ने नोटिस भेजा है। सीबीआई ने रावत को अगले महीने अक्टूबर में दिल्ली स्थित मुख्यालय में पेश होने के आदेश दिए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने नोटिस का जवाब देते हुए तीखा तंज कसा है। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे 2027 का चुनाव नजदीक आता जा रहा है, वैसे-वैसे केंद्र सरकार को सीबीआई की याद आ रही है। उन्होंने इसे राजनीतिक साजिश बताया है ।
हरदा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा कि “आज लंबे दिनों के बाद फिर CBI के दोस्तों को मेरी याद आई है। इससे यह लगता है कि अब फिर विधानसभा के चुनाव आने जा रहे हैं और भाजपा के दोस्त जिनके हाथ मेंसीबीआई ने अपनी स्वतंत्रता, अपनी स्वायत्तता पूरी तरीके से कंप्रोमाइज कर ली है। उन्होंने मुझे चुनाव के लायक समझा है।” हरदा आगे कहते हैं कि “इधर मैं कह रहा हूं कि अब मैं नहीं और लोग आगे आएंगे। मगर लगता है भारत सरकार में बैठे हुए लोग अब भी मानते हैं कि मैं चुनाव परिणामों को प्रभावित कर सकता हूं तो इसलिए “with thanks” मैं इस नोटिस को ग्रहण कर रहा हूं।” “मगर इस अनुरोध के साथ कि अभी मैं सितंबर तक कहीं यात्रा करने की स्थिति में नहीं हूं तो मुझे अक्टूबर के महीने में सेकंड या थर्ड वीक का कोई समय दें तो मुझे खुशी होगी कि मैं अपने बयान रिकॉर्ड कराने या जिस चीज के लिए भी वह बुला रहे हों मैं सीबीआई के हेड क्वार्टर में हाजिर होऊंगा।”
गौरतलब है कि 2016 के स्टिंग ऑपरेशन में हरीश रावत पर विधायकों की खरीद-फरोख्त के आरोप लगे थे। उस वक्त यह मामला उत्तराखंड की राजनीति में भूचाल लेकर आया था। वीडियो सामने आने के बाद विपक्ष ने तत्कालीन सरकार को घेरने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी। पूरे मामले की जांच सीबीआई कर रही है अब एक बार फिर से हरीश रावत को नोटिस जारी कर तलब किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *