दिव्यांगों ने बैरिकेडिंग तोड़कर किया सीएम आवास कूच: मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया
देहरादून। पेंशन बढ़ाने और रोजगार उपलब्ध कराने सहित विभिन्न मांगों को लेकर रविवार को दिव्यांगों ने मुख्यमंत्री आवास कूच किया। कूच के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हाथी बड़कला में रोकने की कोशिश की, लेकिन दिव्यांग बैरिकेडिंग तोड़कर मुख्यमंत्री आवास तक पहुंच गए और वहाँ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री आवास के सामने सरकार से अपनी मांगों को पूरा करने का आ“वान किया। दिव्यांगों ने स्पष्ट कहा कि उनकी पेंशन को वर्तमान 1500 रुपये से बढ़ाकर 5000 रुपये प्रति माह किया जाए। इसके साथ ही बिना ब्याज ऋण उपलब्ध कराने और रोजगार के अवसर प्रदान करने जैसी मांगें भी रखी गईं। काफी देर तक नारेबाजी और हंगामे के बीच स्थिति को संभालने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह और सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह स्वयं मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को शांत करने का प्रयास किया, लेकिन दिव्यांग अपनी मांगों पर अडिग रहे। इसके बाद पुलिस ने सभी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर मुख्यमंत्री आवास के सामने से हटाया। प्रदर्शन में दिव्यांगों के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और सदस्य बड़ी संख्या में शामिल हुए थे। बताया गया कि उत्तराखंड के अलग-अलग जिलोंसे दिव्यांग जन देहरादून पहुंचे और समस्याओं को सरकार तक पहुँचाने के लिए सड़कों पर उतरे। दिव्यांगों का कहना है कि जब तक सरकार उनकी जायज मांगों पर ठोस कदम नहीं उठाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।





