Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

नगर निगम ने किच्छा रोड पर अवैध कब्जा हटाकर कब्जे में ली करीब दो एकड़ नजूल भूमि

रुद्रपुर(उद संवाददाता)। नगर निगम प्रशासन ने शनिवार को अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए किच्छा रोड स्थित नजूल भूमि से अवैध निर्माण को ध्वस्त कर करीब दो एकड़ भूमि कब्जे में ले ली। इस दौरान टीम ने निर्माण सामग्री समेत अतिक्रमणकारी का सामान भी जब्त कर लिया। करोड़ों की इस जमीन पर लंबे समय से कब्जा कर पक्का निर्माण खड़ा किया गया था। नगर निगम की इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। शनिवार सुबह नगर आयुक्त नरेश दुर्गापाल स्वयं नगर निगम की टीम, भारी पुलिस बल और जेसीबी मशीनों के साथ मौके पर पहुंचे। जैसे ही टीम ने कार्रवाई शुरू की, मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जेसीबी की मदद से अवैध पक्का निर्माण ध्वस्त कर दिया गया। नगर निगम प्रशासन ने मौके पर जमीन पर पिलर गाड़कर उसे अपने कब्जे में भी ले लिया। जानकारी के अनुसार, किच्छा रोड स्थित श्मशान घाट के पास उक्त भूमि पर कई वर्षों से अवैध कब्जा किया गया था। मंदिर की आड़ में टीनशेड डालकर धीरे-धीरे वहां पक्का निर्माण खड़ा कर लिया गया। बताया जाता है कि यह निर्माण एक पत्रकार व अन्य लोगों द्वारा कराया गया था और लंबे समय तक इसको लेकर विवाद चलता रहा। यहां तक कि मामला न्यायालय में भी विचाराधीन रहा। न्यायालय ने नगर निगम के पक्ष में फैसला सुनाया था। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि इस भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए पहले भी कई बार नोटिस जारी किए गए थे। लेकिन अतिक्रमणकारी की ओर से निर्माण नहीं हटाया गया। आिखरकार नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए शनिवार को जेसीबी की मदद से पूरा अवैध ढांचा गिरा दिया। इस दौरान टीम ने सामान भी जब्त कर लिया। अतिक्रमण हटाने के दौरान नगर निगम ने मंदिर को पूरी तरह सुरक्षित रखा। नगर आयुक्त नरेश दुर्गापाल ने स्पष्ट कहा कि अवैध कब्जा किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वर्षों से यह जमीन अवैध रूप से घेर ली गई थी, जिससे नगर निगम को भूमि के उपयोग में दिक्कत आ रही थी। अब प्रशासन ने कार्रवाई कर इस जमीन को अपने अधिकार में ले लिया है। करीब सवा दो एकड़ भूमिको मुक्त कराने के बाद नगर निगम ने मौके पर पिलर गाड़ दिए हैं, ताकि भविष्य में दोबारा कोई अतिक्रमण न हो सके। नगर आयुक्त ने कहा कि चाहे कोई कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, अवैध कब्जा और अतिक्रमण को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अतिक्रमण हटाने के दौरान तहसीलदार दिनेश कुमार,उप नगर आयुक्त शिप्रा जोशी प शण्डे,सहायक उप नगर आयुक्त राजू नबियाल समेत नगर निगम टीम और पुलिस फोर्स मौजूद रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *