Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

रुद्रपुर नगर निगम के चालीस वार्डों के लिए भाजपा में सैकड़ों दावेदार

रुद्रपुर,17अक्टूबर। आगामी निकाय चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर आज भारतीय जनता पार्टी की गठित कोर कमेटी के समक्ष नगर निगम के 40 वार्डों के पार्षद पदों के लिए सैकड़ों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने अपना आवेदन पत्र प्रस्तुत किया। जिलाध्यक्ष शिव अरोरा की अगुवाई में गठित कमेटी में विधायक राजकुमार ठुकराल, प्रदेश कोषाध्यक्ष आशीष गुप्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष राजकुमारी गिरी, गदरपुर की पूर्व पालिकाध्यक्ष अंजू भुड्डी व अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार की मौजूदगी में आज प्रातः आदर्श कालोनी स्थित सरस्वती विद्या मंदिर के सभागार में कार्यकर्ताओं के आवेदन पत्र स्वीकार करने का काम शुरू किया गया। नगर के 40 वार्डों के लिए दोपहर तक लगभग 200 कार्यकर्ताओं ने पार्षद पद के लिए अपने आवेदन पत्र जमा करा दिये थे। जिलाध्यक्ष श्री अरोरा ने बताया कि प्राप्त सभी आवेदन पत्रें को पार्टी के प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों को प्रेषित किये जायेंगे जहां सभी आवेदन पत्रें पर विचार कर पार्टी के प्रति समर्पित, निष्ठावान व जिताऊ कार्यकर्ता को पार्टी प्रत्याशी बनाये जाने में प्राथमिकता दी जायेगी। इस दौरान विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि पार्टी को निष्ठावान कार्यकर्ताओं को ही प्रत्याशी बनाना चाहिए जिसे जिताने के लिए पार्टी का हर कार्यकर्ता एवंपदाधिकारी एकजुट होकर कार्य करेगा। यदि किसी दागी कार्यकर्ता को पार्टी प्रत्याशी बनाया जाता है तो इससे कार्यकर्ता हतोत्साहित होंगे और इसका सीधा प्रभाव चुनाव परिणाम पर पड़ेगा। समाचार लिखे जाने तक आवेदन पत्र जमा कराने का क्रम जारी था। आवेदन पत्र जमा कराने के लिए सामान्य एवं आरक्षित वार्डों के कार्यकर्ताओं ने भारी उत्साह दिखायी दिया। कई आवेदक अपने साथ समर्थकों का समूह भी लेकर आये थे। इस दौरान महानगर अध्यक्ष हरीश सुखीजा, नत्थूलाल गुप्ता, उत्तम दत्ता, शैलेंद्र कोली, विवेक सक्सेना, अमित नारंग, किरन विर्क, रामअवतार कोली, रामप्रकाश गुप्ता आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *