हादसे में तीन की मौत,दो गंभीर : बेलबाबा मंदिर के पास स्कार्पिओ और अल्टो कार की जोरदार भिड़ंत
हल्द्वानी(उद संवाददाता)। कोतवाली क्षेत्र के रामपुर रोड स्थित बेल बाबा मंदिर के पास देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। देर रात लगभग 1 बजे रुद्रपुर की ओर से आ रही एक अल्टो कार और हल्द्वानी से रुद्रपुर की ओर जा रही स्कॉर्पियो कार आमने-सामने से भिड़ गईं। भीषण टक्कर में अल्टो कार सवार एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक और उसमें सवार लोग वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गए। जानकारी के मुताबिक परिवार के लोग अपनी बहन को देखने रुद्रपुर गए थे। देर रात घर लौटते समय उनकी ऑल्टो कार संख्या यूके 05बी 7038 और स्कॉर्पियो में आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑल्टो कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र की लाइन नंबर 17 और 18निवासी हाफिज शाजिद, शाहजहां और अफसरी की दर्दनाक मौत हो गयी जबकि जाहिद और मुस्कान गंभीर रूप से घायल हो गये। हादसे की सूचना रात करीब 2 बजे परिजनों को मिली। जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। दुर्घटना की सूचना पाकर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शवों और घायलों को बुरी तरह क्षतिग्रस्त वाहनों से बाहर निकाला। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। सीओ नितिन लोहनी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य शुरू किया। दोनों गाड़ियों की टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन काटकर मृतकों और घायलों को बाहर निकालना पड़ा। उन्होंने कहा कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही मुख्य वजह प्रतीत हो रही है। पुलिस विभाग के अनुसार हादसों की सबसे बड़ी वजह तेज रफ्तार है। इसके अलावा गलत दिशा में वाहन चलाना, ओवरलोडिंग और नशे की हालत में ड्राइविंग भी दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बन रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि रामपुर रोड पर लगातार बढ़ते ट्रैफिक और तेज रफ्तार वाहनों की वजह से आए दिन हादसे हो रहे हैं।
