Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

सिंचाई नहर में ग्रामीण का शव मिलने से सनसनी

रामनगर(उद संवाददाता)।ग्राम पीरूमदारा क्षेत्र के हाथी डंगर के समीप उस समय हड़कंप मच गया जब सिंचाई नहर में एक व्यक्ति का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और शव को बाहर निकालकर अपने कब्जे में लिया। पुलिस द्वारा शिनाख्त की कार्यवाही के बाद मृतक की पहचान 48 वर्षीय सतपाल सिंह नेगी निवासी ग्राम नारायणपुर मूलिया के रूप में हुई। मृतक के पुत्र मनीष नेगी ने बताया कि उसके पिता को शराब की लत थी, जिसके चलते परिवार में अक्सर विवाद होता रहता था। तीन दिन पूर्व भी परिजनों और मृतक के बीच इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। विवाद के बाद सतपाल सिंह घर से बिना बताए निकल गए थे और उनका कोई पता नहीं चल पा रहा था। परिजनों ने इधर-उधर तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। शनिवार की शाम अचानक उनका शव सिंचाई नहर से बरामद हुआ, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मामले की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आवश्यक औपचारिकताएँ पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस बाबत जब कोतवाल से जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देश पर फिलहाल किसी भी प्रकरण में आधिकारिक बयान जारी करने से मना किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *