February 11, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

कहां थी तुम्हारी पुलिस फोर्स..? हाईकोर्ट ने चुनाव में हुए हंगामे और अव्यवस्था को लेकर एसएसपी को लगाई फटकार

लापता बताए गए पांचों सदस्य अदालत में प्रस्तुत हुए,जिपं अध्यक्ष चुनाव पर सुनवाई अब कल
नैनीताल(उद संवाददाता)। नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव से जुड़े विवाद पर हाईकोर्ट में मंगलवार 19 अगस्त को सुनवाई होगी। सोमवार को हुई कार्यवाही के दौरान हाईकोर्ट ने चुनाव में हुए हंगामे और अव्यवस्था को लेकर नैनीताल के एसएसपी को जमकर फटकार लगाई। अदालत ने सख्त लहजे में पूछा कहां थी तुम्हारी पुलिस फोर्स। गौरतलब है कि जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव के दौरान भारी हंगामा हुआ था। कांग्रेस ने आरोप लगाया था कि भाजपा समर्थकों ने उनके पांच जिला पंचायत सदस्यों का हथियारों के बल पर अपहरण कर लिया। इसके बाद यह मामला हाईकोर्ट तक पहुंचा और अदालत ने चुनाव प्रक्रिया को स्थगित करने का आदेश दिया था। शुक्रवार तड़के 22 वोटों की गिनती निर्वाचन आयोग के पर्यवेक्षक की मौजूदगी में कर परिणाम डबल लॉक में सुरक्षित रखे गए। सोमवार को सुनवाई प्रस्तावित थी, लेकिन अब यह मंगलवार को होगी। इसी बीच सोमवार को लापता बताए गए पांचों सदस्य अदालत में प्रस्तुत हुए और मजिस्ट्रेट के समक्ष धारा 164 के तहत बयान देकर कहा कि वे अपनी मर्जी से घूमने गए थे। सुनवाई के दौरान कपिल सिब्बल के जूनियर वकील कामत ने अलग से याचिका दायर कर रिपोलिंग की मांग भी की, जिस पर अभी सुनवाई नहीं हुई है। अदालत ने डीएम से गिनती प्रक्रिया और समूची कार्यवाही पर एफिडेविट दािखल करने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को सुनवाई को देखते हुए नैनीताल में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। हाईकोर्ट परिसर से 500 मीटर की परिधि में धारा 163 लागू की गई और बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे। अब सभी की निगाहें मंगलवार को होने वाली अहम सुनवाई पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *