February 12, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

छोटे भाई ने बड़े भाई पर किया जानलेवा हमला,हालत गंभीर

लोहे की रॉड से वार, टेंपो से कुचलने का भी आरोप
रामनगर(उद संवाददाता)। ग्राम पूछड़ी क्षेत्र में रविवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब छोटे भाई ने ही बड़े भाई पर जानलेवा हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान छोटे भाई ने लोहे की रॉड से बड़े भाई के सिर पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने घायल भाई पर टेंपो चढ़ाकर उसे सड़क किनारे बगीचे में फेंक दिया और मौके से फरार हो गया। घटना में गंभीर रूप से घायल हुए बालम सिंह रावत को परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल सरकारी अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। जानकारी के अनुसार रविवार सुबह किसी बात को लेकर बालम सिंह रावत और उनके छोटे भाई कैलाश सिंह रावत के बीच कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि कैलाश सिंह ने लोहे की रॉड से बड़े भाई पर हमला बोल दिया। परिजनों का आरोप है कि हमला जान से मारने की नीयत से किया गया था। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि घायल करने के बाद कैलाश सिंह ने अपने टेंपो से बालम सिंह को कुचलने का प्रयास किया और उन्हें मृत समझकर मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। इधर, हमले के बाद गांव में तनाव का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी आए दिन परिवार को परेशान करता था और पूर्व में भी कई बार विवाद कर चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *