अपहरण प्रकरण में आया नया मोड़ : लापता बताए जा रहे जिपं सदस्यों ने वीडियो जारी कर कहा,वे सभी अपनी मर्जी से घूमने के लिए गए हैं
हल्द्वानी(उद संवाददाता)।नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव के दौरान 14 अगस्त को मतदान प्रक्रिया के बीच जमकर हंगामा हुआ था। कांग्रेस ने आरोप लगाया था कि भाजपा नेताओं व दबंगों ने उनके समर्थित पांच जिला पंचायत सदस्यों का हथियारों के बल पर अपहरण कर लिया है। वहीं भाजपा ने पलटवार करते हुए कांग्रेस पर ही ऐसे ही आरोप लगाए थे। इस पूरे मामले ने दो दिनों तक उत्तराखंड की राजनीति को गर्म बनाए रखा। शुक्रवार देर शाम इस प्रकरण में नया मोड़ आया, जब सभी ‘लापता’ बताए जा रहे पांचों जिला पंचायत सदस्यों ने एक वीडियो जारी कर अपना पक्ष रखा। वीडियो में सभी पांच सदस्य एक साथ नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मीडिया और सोशल मीडिया से उन्हें अपने अपहरण की खबर पता चली, जबकि हकीकत यह है कि उनका कोई अपहरण नहीं हुआ है। वे सभी अपनी मर्जी से घूमने के लिए गए हैं और पूरी तरह सुरक्षित हैं। उन्होंने अपील की कि किसी को भी चिंता करने की जरूरत नहीं है, जल्द ही वे सब सामने आ जाएंगे। गौरतलब है कि गुरुवार को हुए इस हंगामे के बाद मामला नैनीताल हाईकोर्ट तक पहुंच गया था। हाईकोर्ट ने चुनाव प्रक्रिया को स्थगित करने का आदेश दिया था। जिलाधिकारी का कहना था कि मतदान के बाद मतगणना भी पूरी कराई गई है, लेकिन परिणाम घोषित नहीं किए गए हैं। कोर्ट के आदेश के बाद ही इस पर आगे की कार्रवाई होगी। इस मामले में अब सोमवार, 18 अगस्त को हाईकोर्ट में सुनवाई होगी। इससे पहले शुक्रवार दिन में कांग्रेस ने हल्द्वानी में एसएसपी कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन भी किया था और जिला पंचायत सदस्यों की सकुशल बरामदगी की मांग की थी।
