February 13, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

नेशनल हाईवे पर धंस गया नया पुल: निर्माण में घोटाले की हो उच्च स्तरीय जांच

रुद्रपुर। किच्छा रोड स्थित नेशनल हाईवे पर क्षतिग्रस्त पुल की मरम्मत के दौरान शनिवार को पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल निरीक्षण के लिए पहुंचे। इस दौरान उन्होंने निर्माण में इस्तेमाल की सामग्री और पुल की पुरानी संरचना को देखा। पुल में लगाई गई सरिया की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए उन्होंने तीखी नाराजगी जताई और पुल निर्माण में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार होने का आरोप लगाया।गौरतलब है कि बीते दिनों किच्छा रोड पुल अचानक धंस गया था, जिसके चलते इस पर यातायात रोकना पड़ा। घटना के बाद ही ठुकराल ने अपने समर्थकों के साथ मौके पर प्रदर्शन किया था और पुल निर्माण में घोटाले का आरोप लगाया था। शनिवार को ठुकराल दोबारा निरीक्षण पर पहुंचे। मरम्मत कर रहे श्रमिकों ने जब पुल की डामर हटाई तो पुल में प्रयुक्त हो रही सामग्री देखकर लोग हैरान रह गये। इसमें सरिया मानकों के अनुरूप इस्तेमाल नहीं की गयी थी। इस दौरान ठुकराल ने कहा कि पुल में मानकों के अनुरूप सरिया नहीं डाली गई है। यही कारण है कि मात्र चार-पांच वर्ष पहले निर्मित यह पुल जर्जर हालत में पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि हैरानी की बात यह है कि इस पुल के ठीक बगल में 50-60 साल पहले बना पुराना पुल आज भी मजबूती से खड़ा है, जबकि नया पुल धंस गया। यह सीधे तौर पर भ्रष्टाचार का उदाहरण है। पूर्व विधायक ने जिला प्रशासन की निष्क्रियता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अब तक जिलाधिकारी ने इस गंभीर मामले का संज्ञान तक नहीं लिया है, जबकि यह सत्ता पक्ष के भ्रष्टाचार का खुला उदाहरण है। ठुकराल ने मांग की कि दोषियों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज किया जाए और मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *