Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

भाजपा ने सभी जिलों में बहुमत जुटाने को झोंकी ताकत : मुख्यमंत्री दरबार में भाजपा के कई नेता निर्वाचित जिला पंचायत सदस्यों के साथ पहुंच रहे

देहरादून। त्रिस्तरीय पंचायत के नतीजों के बाद अब सत्ताधारी भाजपा ने सभी जिलों में बहुमत जुटाने को ताकत झोंक दी है। उधर, रुद्रप्रयाग के बाद सोमवार को उत्तरकाशी के 20 जिला पंचायत सदस्यों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। जिला पंचायत चुनाव में निर्दलियों के बाद सत्ताधारी भाजपा आगे रही है। इधर, जिला पंचायत अध्यक्ष के पदों के आरक्षण की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है तो दूसरी ओर भाजपा ने सभी 12 जिलों में वर्चस्व बनाने के लिए कवायद तेज कर दी है। न केवल पार्टी समर्थित विजेता प्रत्याशियों को एकजुट किया जा रहा है बल्कि निर्दलियों को भी अपने पक्ष में करने के लिए जद्दोजहद चल रही है। मुख्यमंत्री दरबार में भाजपा के कई नेता निर्वाचित जिला पंचायत सदस्यों के साथ पहुंच रहे हैं। सोमवार को भी सीएम आवास में उत्तरकाशी के प्रतिनिधियों के अलावा कई और नेता मुख्यमंत्री धामी से मिलने पहुंचे। देहरादून समेत कई जिलों में विशेष रणनीति बनाकर समर्थन जुटाने की कवायद तेज हो गई है। मंत्रियों के स्तर से भी काम किया जा रहा है।जिला पंचायत चुनाव की शतरंज के हर मोहरे पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की नजर है। पिछले चुनाव में 12 में से 10 जिलों में भाजपा का बोर्ड था। इस बार संगठन ने सभी 12 जिलों में जीत का लक्ष्य रखा है।
न्यूनतम समय में निर्वाचन आयोग को कराने हैं जिला व क्षेत्र पंचायत के चुनाव 
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव खत्म होने के बाद अब राज्य निर्वाचन आयोग जिला पंचायत अध्यक्ष और क्षेत्र पंचायत प्रमुख के चुनाव की तैयारी में जुट गया है। हाईकोर्ट के आदेश के तहत निर्वाचन आयोग को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के नतीजों के बाद न्यूनतम समय में जिला व क्षेत्र पंचायत के चुनाव कराने हैं। राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार ने बताया कि आरक्षण फाइनल होने के बाद जल्द चुनाव कराए जाएंगे। उधर, प्रधान समेत ग्राम पंचायत सदस्य के 30 हजार से अधिक पद रिक्त रह गए हैं। इन पदों के लिए भी आयोग पुनर्मतदान कराएगा। इसके लिए आयोग ने सभी जिलों से रिक्त पदों की सूचना मांगी है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *