Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

मुठभेड़ में दो बदमाशों को लगी गोली,पांच गिरफ्तार

रुद्रपुर(उद संवाददाता)। उत्तराखण्ड और यूपी पुलिस ने दो अलग-अलग मुठभेड़ों में पांच बदमाशों को धर दबोचा है, जिनमें दो गोली लगने से घायल हो गए। एक मामला पुलिसकर्मी से अभद्रता और सरकारी वाहन को क्षतिग्रस्त करने से जुड़ा है, जबकि दूसरा मामला ग्राम भैंसिया ज्वालापुर निवासी युवक सूरज की हत्या से संबंधित है । बता दें 10 जुलाई की रात रुद्रपुर कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक चंदन सिंह बिष्ट रात्रि गश्त पर थे। इसी दौरान इंद्रा चौक के पास एक सफेद रंग की क्रेटा कार में सवार कुछ युवकों ने पहले गाली-गलौज की, फिर तमंचा दिखाकर उन्हें धमकाया और वाहन रोकने पर पुलिस की गाड़ी को टक्कर मारकर फरार हो गए। मामला बेहद गंभीर था, जिसमें न केवल कानून का उल्लंघन हुआ, बल्कि एक पुलिसकर्मी को अपमानित करने और नुकसान पहुंचाने की कोशिश भी की गई। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने घटना का संज्ञान लेकर एफआईआर संख्या 340/2025 के तहत बीएनएस की कई धाराओं में मामला दर्ज कराया और तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। शनिवार शाम पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी क्रेटा कार से बिलासपुर से रुद्रपुर लौट रहे हैं। सूचना के आधार पर रामपुर रोड पर पुलिस ने घेराबंदी की। आरोपियों ने कार भगाई और बारादरी के पास एक खेत में कार छोड़कर भागने लगे। पुलिस की घेराबंदी के दौरान उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में एक आरोपी रिशु श्रीवास्तव पुत्र शिव सागर श्रीवास्तव मूल निवसी हरदोई हाल निवासी छत्तरपुर पंतनगर के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे और उसके दो साथियों खुशनूद पुत्र मकसूद अंसारी, निवासी धीमरखेड़ा, गदरपुर और वीरेंद्र साहनी उर्फ विक्की पुत्र तेतर साहनी, निवासी वार्ड नं- 37 दरियानगर, रुद्रपुर को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से दो तमंचे (315 बोर), दो खाली कारतूस, एक रामपुरी चाकू और क्रेटा कार बरामद की गयी। जिसकी नंबर प्लेट डिग्गी में छिपा रखी गई थी। पुलिस पूछताछ में तीनों आरोपियों ने उत्तराखंड, यूपी, हरियाणा और दिल्ली में लूट व छिनैती की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। घायल आरोपी रिशु का इलाज जिला अस्पताल में कराया जा रहा है। गिरफ्तार करने वाली टीम में कोतवाल मनोज रतूड़ी,उपनिरीक्षक नवीन बुधानी,प्रियांशु जोशी, चन्दन सिंह बिष्ट,प्रदीप कोहली,दीपक बहुगुणा, अपर उप निरीक्षक नवीन जोशी, कांस्टेबल महेन्द्र कुमार,गणेश धानिक,यशपाल सिंह मेहता, कृष्णा टम्टा, प्रवीण गोस्वामी,नरेश जोशी आदि शामिल थे। मुठभेड़ के बाद एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने स्पष्ट कहा कि पुलिस वर्दी की गरिमा और कानून की प्रतिष्ठा से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिसकर्मी दिन-रात जन सेवा में लगे हैं, उन्हें धमकाने या उन पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनपद में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। वहीं दूसरी बड़ी कार्रवाई उस मामले में हुई जिसमें ग्राम भैंसिया ज्वालापुर निवासी 19 वर्षीय दलित युवक सूरज की 8 जुलाई को नैनीताल रोड पर कुछ युवकों ने लाठी, डंडों और सरियों से पिटाई की थी, जिसके बाद उसकी मौत हो गई थी। पीड़ित के भाई रंजीत ने ग्राम सकटुआ निवासी तीन नामजदों सहित आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले में पहले ही इमरान, रिजवान (ग्राम सकटुआ निवासी) और नितिन (ग्राम टैमरा) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। शुक्रवार रात यूपी पुलिस को सूचना मिली कि इस घटना से जुड़े दो और आरोपी उत्तराखण्ड यूपी के बार्डर पर ग्राम डिबडिबा के पास जीडी गोयनका स्कूल रोड पर देखे गए हैं। बिलासपुर कोतवाली प्रभारी बलवान सिंह के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी की। रात लगभग 2ः45 बजे जब पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की तो वे अमरूद की बगिया में घुस गए। इसी दौरान आरोपी शाकिर, निवासी मोहल्ला पहाड़गंज, रुद्रपुर ने तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें गोली शाकिर के दाएं पैर की पिंडली में लगी। उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *