February 12, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

जेल से फरार ईनामी बदमाश को मुठभेड़ में लगी गोली

हरिद्वार(उद संवाददाता)। हरिद्वार जिला कारागार से पिछले साल दशहरे के दिन दो कैदी पंकज और रामकुमार जेल की दीवार फांदकर फरार हो गये थे। रामकुमार को पहले ही पुलिस गिरफ्तार कर चुकी थी। वहीं पंकज की तलाश जारी थी। उस पर पचास हजार का ईनाम घोषित किया गया था। गुरुवार रात एसटीएफ और हरिद्वार पुलिस के साथ मुठभेड़ के दौरान पंकज ने पुलिस पर फायरिंग कर दी जिसके बाद जवाबी फायरिंग में बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल भर्ती कराया है। बता दें बीते वर्ष 11 अक्टूबर को जेल में रामलीला के दौरान पंकज और रामकुमार को वानर सेना का हिस्सा बनने का मौका मिला था। इस मौके का फायदा उठाकर दोनों फरार हो गए। जेल प्रशासन को जब गिनती के दौरान फरारी का पता चला, तो पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की। रामकुमार को पहले ही हरियाणा के यमुनानगर से गिरफ्तार कर लिया गया था।जबकि फरार पंकज वाल्मीकि पुत्र मगन लाल निवासी गोल भट्टा रूड़की मूल निवासी ग्राम इस्माइल पुर थाना लक्सर की लगातार तलाश की जा रही थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि फरार बदमाश पर 50 हजार का इनाम रखा गया था। गुरूवार रात पंकज के साथ एसटीएफ और हरिद्वार पुलिस की मुठभेड़ हो गई। खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस की गोली बदमाश के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। घायल बदमाश को गिरफ्तार कर तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ ने बताया कि पंकज के साथ फरार कैदी रामकुमार को हरियाणा के यमुनानगर से पहले ही गिरफ्तार कर चुका है। अब इस मुठभेड़ में दूसरा फरार कैदी पंकज भी पुलिस की गिरफ्त में आ गया। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि फरार कैदी इतने महीनों तक कहां छिपा रहा और उसे किन लोगों से मदद मिल रही थी। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या इस फरारी के पीछे किसी बड़े अपराधी गिरोह का हाथ था। अभियुक्त पंकज को पूर्व में भी उत्तराखंड एसटीएफ द्वारा गिरफ्तार किया गया था अब जेल से फरार होने के बाद पंकज कोई भी मोबाइल का इस्तेमाल नहीं कर रहा था। गिरफ्तार करने वाली टीम में निरीक्षक यशपाल सिंह,उप निरीक्षक नरोत्तम बिष्ट, अपर उपनिरीक्षक हितेश कुमार,हेड कांस्टेबल अर्जुन सिंह रावत,वीरेंद्र नौटियाल ,कैलाश नयाल, अनूप भाटी,कांस्टेबल देवेंद्र कुमार,अनिल कुमार, सितांशु कुमार आदि शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *