February 4, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

मनमोहन सिंह का जीवन भावी पीढ़ियों के लिए उदाहरण : राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपती मुर्मू,प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित तमाम दिग्गजों ने मनमोहन सिंह के आवास पहुंचकर दी श्रद्धांजलि

सोनिया गांधी,मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
नई दिल्ली(उद संवाददाता)। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन से पूरे देश में शोक की लहर है। देश में सात दिन के राष्ट्रीय शोक का एलान किया गया है। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपती मुर्मू,प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी,केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित तमाम दिग्गजों ने मनमोहन सिंह के आवास जाकर पूर्व पीएम के प्रति श्रद्धा सुमन अर्पित किए। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का गुरूवार शाम 92 साल की उम्र में दिल्ली एम्स में निधन हो गया। उन्हें स्वास्थ्य सम्बंधी दिक्कतों की वजह से गुरुवार रात 8ः06 बजे एम्स में भर्ती कराया गया था। रात 9ः51 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। उनके निधन से देशभर में शोक की लहर है। शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत तमाम दिग्गजों ने उनके निवास पर पहुंचकर शोक श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री मोदी ने एक शोक संदेश भी जारी किया । पीएम मोदी ने कहा कि पूर्व पीएम मनमोहन संह से निधन से हम सभी दुखी हैं। उनका जाना देश के लिए बड़ा झटका है। मनमोहन सिंह का जीवन भावी पीढ़ियों के लिए उदाहरण है कि किस तरह से वे सभी चुनौतियों से पार पाकर ऊंचाई पर पहुंच सकते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि वह हमेशा एक ईमानदार नेता, एक महान अर्थशास्त्री और एक ऐसा नेता के तौर पर याद रखे जाएंगे, जिन्होंने खुद को सुधारों के प्रति समर्पित कर दिया। एक अर्थशास्त्री के रूप में, खासकर चुनौतीपूर्ण समय में उन्होंने देश की बड़ी सेवा की। उन्होंने अलग-अलग पदों पर अपने सेवाएं दीं और देश की विकास यात्रा में अहम योगदान दिया। उन्होंने रिजर्व बैंक के गवर्नर के रूप में सेवाएं दीं। पूर्व पीएम पीवी नरसिम्हा राव की सरकार में वित्त मंत्री रहे और देश में आर्थिक उदारीकरण की नींव रखी। पीएम मोदी ने कहा कि जनता के प्रति, देश के विकास के प्रति उनका जो समर्पण था, उसे हमेशा बहुत सम्मान से देखा जाएगा। डॉ. मनमोहन सिंह का जीवन ईमानदारी, सादगी का प्रतीक था। उनकी सौम्यता, बौद्धिकता उनके जीवन की पहचान रही। मुझे याद है, जब राज्यसभा में उनका कार्यकाल समाप्त हुआ था तो मैंने कहा था कि उनका बतौर सांसद समर्पण सीखने लायक है। प्रधानमंत्री ने कहा उच्च पदों पर रहने के बावजूद मनमोहन सिंह अपनी जड़ों को कभी नहीं भूले। वे सभी के लिए सहज उपलब्ध रहे। जब मैं मुख्यमंत्री था तो मनमोहन सिंह के साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर खुले मन से चर्चा होती थी। दिल्ली आने के बाद भी उनसे समय-समय पर चर्चा होती थी, वो चर्चाएं और मुलाकातें मुझे हमेशा याद रहेंगी। कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने भी पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह को अंतिम श्रद्धांजलि दी और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। श्रद्धांजलि देने के लिए सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के आवास पर पहुुंचे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नडडा भी इस दौरान पूर्व पीएम के आवास पर मौजूद रहे। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर कल 28 दिसंबर को कांग्रेस मुख्यालय लाया जाएगा, जहां लोग उन्हें श्रद्धांजलि देंगे। उनका अंतिम संस्कार राजघाट के पास किया जाएगा।मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मनमोहन सिंह की बेटी आज देर रात तक भारत पहुंच सकती हैं।





Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *