February 25, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

उत्तराखण्ड में जल्द स्थापित होगा खेल विश्वविद्यालयः मुख्यमंत्री धामी ने देहरादून में किया खेल महाकुंभ का शुभारम्भ

महाकुंभ में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी में मिलेगा आरक्षण
देहरादून (उद संवाददाता)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को देहरादून में स्थित युवा कल्याण निदेशालय में राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ 2024 का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ खेल मंत्री रेखा आर्य, खेल सचिव अमित सिन्हा और स्थानीय विधायक उमेश शर्मा काऊ,निदेशक युवा कल्याण प्रशांत आर्य भी मौजूद थे। राज्य स्तरीय इस खेल महाकुंभ में प्रदेश के 13 जनपदों से आए खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। मुख्यमंत्री धामी ने सभी खिलाड़ियों की ऊर्जा और उत्साह की सरहाना की। इस अवसर पर सीएम धामी ने कहा कि खेल महाकुंभ अपने आप में विशिष्ठ आयोजन है। इसमें ग्राम पंचायत से लेकर ब्लाक और पंचायत होते हुए खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने का अवसर मिलता है। वर्ष 2017 से यह प्रारम्भ हुआ है। यह आयोजन राज्य में खेल संस्कृति को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। खेल महाकुंभ युवाओं में खेलों की रूचि बढ़ाने के साथ साथ उनके अंदर अनुशासन, टीम वर्क की जो भावना को भी विकसित करने में बड़ा योगदान देता है। खेल महाकुंभ की सफलता का प्रमाण है कि पिछले वर्ष हमारे राज्य के सवा तीन लाख से अधिक खिलाड़ियों ने खेल महाकुंभ में प्रतिभाग किया था। इस बार का खेल महाकुंभ निश्चित रूप से अपने पिछले रिकार्ड को तोड़ने में सफल होगा। इस खेल महाकुंभ से निकलने वाले खिलाड़ियों को विभिन्न पुरस्कारों के साथ साथ राष्ट्रीय अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा दिखाने का मौका भी मिलता है। इस खेल आयोजन की एक विशिष्ठता यह भी है कि इसमें ग्राम पंचायत स्तर से राज्य स्तर तक के विजेताओं को डीबीटी के माध्यम से पुरस्कार राशि प्रदान की जायेगी। इस वर्ष करीब 11 करोड़ की पुरस्कार राशि खिलाड़ियों में वितरित की जायेगी। सरकार की यह पहल खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के साथ साथ उनकी प्रतिभा को निखारने में भी सहायक सिद्ध होगी। हम चाहते हैं कि हमारे खिलाड़ी आगे निकलकर आयें और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करें। खेलों में आगे बढ़ें। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्ग दर्शन में हमारी सरकार प्रदेश में खेल और खिलाड़ियों को लगातार आगे बढ़ाने के लिए निरंतर काम कर रही है। उत्तराखण्ड में खेल संस्कृति को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से ही हमने नई खेल नीति लागू की थी। इस खेल नीति में हमने कई प्रावधान किये थे। इस नीति को लाने से पहले हमने सभी से बात की। एक सामान्य परिवार के खिलाड़ी को किन किन चुनौतियों का सामना करना पड़ता है उसे ध्यान में रखते हुए खेल नीति बनाई गयी। इस नीति के अंतर्गत राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न नौकरी दी जा रही है। इसके साथ ही हमने मुख्यमंत्री ख्ेाल विकास निधि की स्थापना की है। जिसके माध्यम से पूर्व में दी जाने वाली पुरस्कार राशि में करीब सौ गुना बढोत्तरी की गयी है। आज खेलों के प्रति लोगों की धारणा बदली है। अभिभावक भी खेलों में जाने के लिए बच्चों को प्रोत्साहित कर रहे हैं। श्री धामी ने कहा कि सरकार पढ़ाई के साथ साथ बच्चों को खेल की दिशा में ले जाने के लिए भी निरंतर काम कर रही है। आठ वर्ष की उम्र से ही बच्चों को खेलों के लिए प्रोत्साहन राशि देने की व्यवस्था की गयी है। साथ ही खेल उपकरण खरीदने के लिए भी धनराशि का प्रावधान किया गया। प्रशिक्षकों के लिए भी सरकार प्रोत्साहन देने का काम कर रही है। नौकरियों में खेल का 4 प्रतिशत कोटा जो बंद हो गया था उसे भी सरकार ने पुनः शुरू कर दिया है। इस बार युवा कल्याण के लिए बजट में 1700 करोड़ से अधिक खर्च करने का प्रावधान किया गया। स्पोर्टस इंफ्रास्ट्रक्चर के मजबूत बनाने के लिए सरकार काम कर रही है। जां खेल मैदानों की आवश्यकता है वहां खेल मैदान बनाये जा रहे हैं। जहां जिम की आवश्यकता है वहां जिम बन रहे हैं टैक बनाये जा रहे हैं। जहां भी जो आवश्यकता है उस पर तत्परता से काम किया जा रहा है। नये स्टेडियम बनाने के साथ ही पुराने स्टेडियमों को विकसित किया जा रहा है। जल्द ही राज्य में खेल विश्वविद्यालय भी स्थापित किया जायेगा। जल्द ही इसकी औपचारिकतायें पूरी करके इसका शिलान्यास किया जायेगा। सीएम धामी ने कहा कि राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी अवसर मिलना राज्य के लिए सौभाग्य की बात है। सीएम धामी ने कहा कि आगामी राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखण्ड के जो भी खिलाड़ी मेडल जीतेंगे उनको पुरस्कार हेतु धनराशि निर्धारित की गयी है उसी धनराशि के बराबर धनराशि राज्य सरकार के द्वारा भी अतिरिक्त रूप से प्रदान की जायेगी। सीएम धामी ने कहा कि सरकार खिलाड़ियों के साथ है। खिलाड़ी अधिक से अधिक मेडल लाने के लिए प्रयास करें। सीएम धामी ने घोषणा करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर पदक लाने वाले खिलाड़ियों के लिए नौकरी में 4 प्रतिशत आरक्षण की जो व्यवस्था है यह व्यवस्था राज्य खेल महाकुंभ में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए भी लागू की जायेगी। जनपद स्तर पर प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को स्पेार्टस किट प्रदान की जायेगी।







Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *