February 25, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

दिल्ली में प्रदूषण बढ़ने से छह दिन से बंद बसों का देहरादून से संचालन हुआ शुरू

देहरादून। दिल्ली में प्रदूषण बढ़ने के कारण छह दिन से बंद चल रही देहरादून से जयपुर, गुरुग्राम, फरीदाबाद व खाटू श्यामजी बस सेवा को शुक्रवार से शुरू कर दिया गया। ये बसें बीएस-4 डीजल हैं और इनका दिल्ली में प्रवेश नहीं हो सकता, लिहाजा इन बसों का संचालन मुरादनगर से इस्टर्न और वेस्टर्न पेरिफेरल हाइवे से किया जा रहा है। पहले ये बसें दिल्ली में कश्मीरी गेट आइएसबीटी होकर संचालित होती थीं। इन बसों के अलावा कालसी, पांवटा-साहिब, भाऊवाला व बालावाला आदि से दिल्ली जाने वाली साधारण बस सेवाओं का संचालन भी मोहननगर तक शुरू कर दिया गया है। शनिवार 16 नवंबर से दिल्ली में उत्तराखंड की पुरानी डीजल बसों पर प्रतिबंध के बाद वर्तमान में पूरे प्रदेश से केवल 310 बसें ही दिल्ली जा पा रही हैं, जबकि पूर्व में यह संख्या 504 थी। अकेले देहरादून से ही रोजाना 150 बसों का संचालन दिल्ली के लिए किया जाता था, जो अब घटकर 41 रह गई हैं। इन 41 बसों में 30 अनुबंधित सीएनजी, सात वोल्वो और चार बीएस-6 डीजल बसें हैं। प्रतिबंध के कारण दिल्ली होकर गुरुग्राम, फरीदाबाद समेत जयपुर व खाटू श्यामजी जाने वाली बसों का संचालन भी बंद हो गया था। अब शुक्रवार से वैकल्पिक मार्ग के अंतर्गत परिवहन निगम ने देहरादून से गुरुग्राम, फरीदाबाद, जयपुर और खाटू श्यामजी जाने वाली बसों का संचालन शुरू कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *