February 27, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

हल्द्वानी में सड़क पर बैठे सांड से टकराई बाइक ,एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर

हल्द्वानी(उद संवाददाता)।शहर में आवारा पशुओं के कारण लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। हल्द्वानी से बिन्दुखत्ता लौट रहे बाइक सवार युवकों की एक गंभीर दुर्घटना ने इस समस्या की गंभीरता को और स्पष्ट कर दिया है। मंगलवार की शाम को हल्द्वानी लालकुआं राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित सोयबीन फैक्ट्री के पास सड़क पर बैठे एक सांड से बाइक की टकरा गई। इस दुर्घटना में बाइक पर सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटनाग्रस्त युवकों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया। जहां एक युवक को मृत घोषित कर दिया गया जबकि दूसरे का उपचार जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, लवी नेगी, निवासी पुराना बिंदुखत्ता, अपने दोस्त हिमांशु रावत के साथ बाइक पर सवार होकर हल्द्वानी से घर लौट रहा था। उनके साथ दो अन्य दोस्त दूसरी बाइक पर थे। जब उनकी बाइक हल्दूचौड़ स्थित सोयाबीन फैक्टरी के पास पहुंची, तो सड़क पर बैठे सांड से टकरा गई। इसके बाद दोनों युवक सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे दोस्तों और स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस को सूचित किया, जिसने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। लवी नेगी को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया, जबकि हिमांशु रावत का इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक और घायलों के परिवार अस्पताल पहुंचे हुए हैं और शोक में डूबे हैं। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया है और घायल सांड को सामाजिक कार्यकर्ता पीयूष जोशी तथा छात्र महासंघ के सचिन फुलारा के सहयोग से गौधाम भेजा है। स्थानीय निवासी और प्रभावित परिवार इस दुर्घटना से बेहद दुखी हैं। उनका कहना है कि सड़कों पर आवारा मवेशियों के खिलाफ कई बार आंदोलन किए जा चुके हैं, लेकिन जिला प्रशासन मामले को लेकर गंभीर नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *