February 27, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

देहरादून आईएसबीटी पर खड़ी बस में किशोरी से गैंगरेप का खुलासाः पांच गिरफ्तार आरोपियों में दो बस ड्राइवर, एक कंडक्टर, एक कैशियर और एक सफाई कर्मचारी शामिल

देहरादून (उद संवाददाता)। आईएसबीटी पर खड़ी बस में किशोरी के साथ हुए गैंगरेप के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी अजय सिंह ने प्रेसवार्ता कर बताया कि बस के कर्मचारी किशोरी को दिल्ली से देहरादून लेकर आये थे। इसी बस में पांच लोगों ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। गिरफ्तार आरोपियों में दो बस ड्राइवर, एक कंडक्टर, एक कैशियर और एक सफाई कर्मचारी शामिल है। पुलिस ने अनुबंधित बस को भी बरामद कर कब्जे में ले लिया है। बता दें कि आईएसबीटी पर किशोरी 13 अगस्त की शाम को बदहवास हालत में मिली थी। सहमी किशोरी ने मौके पर कुछ नहीं बताया। इसके बाद उसकी काउंसलिंग कराई गई, तो घटना का खुलासा हुआ। काउंसलिंग में पता चला कि किशोरी के साथ बस में सामूहिक दुष्कर्म किया गया है। किशोरी पंजाब की रहने वाली है। वह उस समय पंजाब से दिल्ली फिर मुरादाबाद ओर फिर देहरादून पहुंची थी। मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। एसएसपी अजय सिंह ने खुलासा करते हुए बताया कि मामले में धर्मेंद्र कुमार निवासी बंजारावाला ग्रांट बुग्गावाला हरिद्वार (ड्राइवर), देवेंद्र निवासी चुड़ियाला भगवानपुर (कंडक्टर), रवि कुमार निवासी नवाबगंज जिला फर्रुखाबाद उत्तर प्रदेश (ड्राइवर), राजपाल निवासी बंजारावाला ग्रांट बुग्गावाला हरिद्वार (ड्राइवर) व राजेश कुमार सोनकर निवासी माजरा पटेलनगर (कैशियर) को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपित धर्मेंद्र और रवि अनुबंधित चालक हैं। देवेंद्र विशेष श्रेणी परिचालक, राजपाल नियमित चालक और राजेश सोनकर नियमित परिचालक है। अनुबंधित चालकों को छोड़कर शेष तीन उत्तराखंड परिवहन निगम के कर्मचारी हैं। एसएसपी के अनुसार पीड़िता ने बताया थ्ज्ञा कि उसके साथ बस में कुछ लोगों ने दुष्कर्म किया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू की और विशेष टीम का गठन किया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान किशोरी ने कई बार अपना बयान बदला, जिससे जांच में मुश्किलें आईं। हालांकि, पुलिस ने लगातार प्रयास करते हुए लड़की के स्वजनों का पता लगा लिया और उनसे पूछताछ की। किशोरी मूल रूप से मुरादाबाद की रहने वाली है। बताया कि जांच के दौरान पता चला कि किशोरी पहले भी कई बार घर से भाग चुकी है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद घटना में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। उधर आइएसबीटी परिसर में खड़ी बस में किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म मामले में उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल केदारपुरम बालिका निकेतन पहुंची। उन्होंने किशोरी से विस्तृत जानकारी ली। जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट एवं बाल कल्याण समिति के सदस्य से विस्तार से जानकारी ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *