February 4, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

बदरीनाथ हाईवे पर बेकाबू टैंकर ने सड़क किनारे बैठी पांच महिला तीर्थ यात्रियों को रौंदा,दो की मौत

श्रीनगर गढ़वाल (उद संवाददाता)। बदरीनाथ हाईवे पर श्रीकोट गंगानाली में होटल के बाहर सड़क किनारे बैठी महिलाओं को अनियंत्रित वाहन ने रौंद दिया। दर्दनाक हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों का श्रीनगर गढ़वाल के बेस चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। हादसे की शिकार हुई महिलाएं महाराष्ट्र की थी और बदरीनाथ धाम की यात्रा के बाद एक होटल में ठहरी थी। जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र से महिला श्रद्धालुओं का दल बदरीनाथ धाम की यात्रा पर आया था। धाम में दर्शन करने के बाद सभी महिलाएं श्रीकोट के एक होटल रामा मे रुकी हुईं थीं। मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे सभी महिलाएं होटल के बाहर बैठकर बातें कर रहीं थी। इसी दौरान श्रीनगर से श्रीकोट की ओर जा रहे पानी के अनियंत्रित टैंकर ने पहले गाय के बछड़े पर टक्कर मारी और उसके बाद होटल के बाहर बैठी महिला तीर्थ यात्रियों को कुचलता हुआ दीवार तोड़कर आगे निकल गया। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि मृतक और घायल महिलाएं टैंकर के नीचे काफी देर तक फंसी रहीं। जिन्हें जेसीबी की मदद से बमुश्किल बाहर निकाला गया। हादसे में महिला यात्री 50 वर्षीय ललिता ताउरी पत्नी हरीश ताउरी निवासी गोपालजिन, जिला अकोला महाराष्ट्र ,की मौके पर ही मृत्यु हो गई। जबकि अन्य चार घायल महिलाओं को बेस अस्पताल श्रीकोट ले जाया गया। यहां पर 50 वर्षीय सरिता उर्फ गौरी पत्नी नरेश निवासी तिजकरा जिला अकोला महाराष्ट्र को भी चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल 46 वर्षीया सारिका राजेश राठी पत्नी राजेश राठी निवासी मोधा, तहसील दरैपुर, जिला अमरावती, महाराष्ट्र, 45 वर्षीय संतोषी धनराज राठी पत्नी धनराज बालकृष्ण राठी निवासी तालुका भोतमार, जिला भोतमार, महाराष्ट्र एवं 54 वर्षीय मधुबाला राजेंद्र कुमार पत्नी राजेंद्र कुमार निवासी किथोरखैत, जिला अकोला, महाराष्ट्र का इलाज चल रहा है। बेस अस्पताल के एमएस डॉ. अजय विक्रम ने बताया कि एक महिला का पैर Úैक्चर हुआ है जबकि दो को मामूली चोटें आई हैं। घायलों की स्थिति खतरे से बाहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *