Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

बेहड़ की कार को रोडवेज ने मारी टक्कर,वाहन के उड़े परखच्चे

रुद्रपुर,23 सितम्बर। आज प्रातः निजी वाहन से गनर के साथ राजस्थान के विधायक के पारिवारिक कार्यक्रम में प्रतिभाग करने जा रहे प्रदेश के पूर्व स्वास्थ्यमंत्री तिलकराज बेहड़ रामपुर उत्तर प्रदेश के समीप एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गये। उनके वाहन को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बस ने सामने से टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में श्री बेहड़ के साथ वाहन चालक व गनर को भी गंभीर चोटें आ गयीं। सभी को उपचार के लिए यहां फुटेला अस्पताल भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार पूर्व स्वास्थ्यमंत्री श्री बेहड़ अपने वाहन संख्या यूके-06एक्यू/0700 में चालक सतनाम सिंह पुत्र गुलजार सिंह एवं गनर सीताराम के साथ प्रातः करीब 3-30बजे राजस्थान के कोटपुतली क्षेत्र के विधायक राजेंद्र यादव के पौत्र के नामकरण संस्कार में शामिल होने के लिए आवास विकास कालोनी स्थित अपने आवास से रवाना हुए। जब उनका वाहन रामपुर उत्तर प्रदेश में फोटो चुंगी के समीप पहुंचा तो उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बस संख्या कौशाम्बी डिपेा यूपी 27पी/8787 के अज्ञात चालक ने लापरवाही से बस चलाते हुए श्री बेहड़ के इनोवा वाहन को सामने से जोर से टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में श्री बेहड़ के साथ ही चालक सतनाम सिंह व सुरक्षाकर्मी सीताराम को गंभीर चोटें आ गयीं जबकि वाहन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही यूपी पुलिसकर्मी मौके पर आ गये। इधर मामले की सूचना मिलने पर श्री बेहड़ के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल बेहड़, चालक सतनाम सिंह व सुरक्षाकर्मी सीताराम को उपचार के लिए यहां फुटेला अस्पताल भर्ती कराया। चालक सतनाम सिंह की ओर से अज्ञात बस चालक के खिलाफ रामपुर के सिविल लाइन थाने में रपट दर्ज करा दी गयी है। श्री बेहड़ के दुर्घटना में घायल होने की जानकारी मिलते ही सैकड़ों की संख्या में विभिन्न संगठनों से जुड़े लोग चिकित्सालय आ पहुंचे जहां उन्होंने श्री बेहड़ की कुशलक्षेम जानी। श्री बेहड़ ने बताया कि बस चालक संभवतः नींद में था। काफी दूरी से देखने पर बस अनियंत्रित आती दिखायी दे रही थी। उन्होंने कहा कि जैसे ही बस उनके वाहन के समीप पहुंची बस चालक ने संभवतः नींद के झोके में वाहन को टक्कर मार दी। बेहड़ ने बताया कि राजस्थान कोटपुतली के विधायक राजेंद्र यादव  से उनके काफी पुराने पारिवारिक संबंध हैं। वह उन्हीं निमंत्रण पर जा रहे थे। बताया कि जब यादव का उनके पास निमंत्रण आया कि पौत्र का नामकरण संस्कार है, अवश्य आना है तो वह श्री यादव के निमंत्रण को स्वीकार करते हुए आज प्रातः निजी वाहन में सवार होकर राजस्थान कोटपुतली की ओर रवाना हुए। उन्होंने बताया कि घटना के संदर्भ में विधायक यादव को भी बता दिया गया और नामकरण संस्कार में न पहुंचने के लिए क्षमा भी मांगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *