February 27, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

हल्द्वानी में ईडी ने की छापेमारी: अमेरिका में सजा काट रहे बनमीत नरूला के आवास पर 12 गाड़ियों के साथ पहुंची टीम

हल्द्वानी (उद संवाददाता)। अमेरिका में प्रतिबंधित दवाइयां बेचने और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सजा काट रहे बनमीत नरूला के तिकोनिया स्थित आवास पर ईडी की टीम ने शुक्रवार को छापेमार कार्रवाई की। प्राप्त जानकारी के अनुसार देहरादून पुलिस के साथ ईडी की टीम की 12 गाड़ियों के साथ सुबह करीब साढ़े पांच बजे तिकोनिया स्थित बनमीत नरूला के निवास पर पहुंची। ईडी की छापेमारी से मोहल्ले में हड़कंप मच गया। छापेमारी के वक्त बनमीत नरूला के घर में उनके पिता सुरजीत नरूला और परिवार के लोग मौजूद थे। छापेमारी के बाद से किसी भी बाहरी व्यक्ति को घर में नहीं घुसने दिया गया। बाहरी लोग काम करने आए तो उनको अंदर जाने नहीं दिया गया। गेट पर स्थानीय पुलिस का कड़ा पहरा लगा रहा। सुबह टीम जब यहां पहुंची तो अलमारी और तिजोरी का ताला खोलने के लिए चाबी बनाने वाले को बुलाया गया। इसके बाद ईडी की टीम ने अलमारी और तिजोरी के साथ घर में रखे तमाम दस्तावेज खंगाले। समाचार लिखने तक ईडी की टीम छानबीन में जुटी थी। बताया जा रहा है कि ईडी की टीम मामले से जुड़े अन्य स्थानों पर भी छापेमारी कर रही है। छापेमारी को लेकर बनमीत के पिता सुरजीत नरूला से बातचीत करने की कोशिश की गई लेकिन उन्होंने इस बारे में कुछ भी बताने से इंकार कर दिया। बता दें हल्द्वानी निवासी बनमीत सिंह को अप्रैल 2019 में लंदन में गिरफ्तार किया गया था और 2023 में अमेरिका में प्रत्यर्पित किया गया था। उसे कोलंबस अदालत के समक्ष नियंत्रित पदार्थों को वितरित करने के इरादे से रखने की साजिश और मनी लॉन्ड्रिंग की साजिश रचने का दोषी ठहराया गया और सात साल की सजा सुनाई गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *