Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

देहरादून से अयोध्या और अमृतसर के लिए फ्लाइट का मुख्यमंत्री धामी ने किया शुभारंभ

दून से अमृतसर, वाराणसी और पंतनगर की फ्लाइट का किराया उद्घाटन के दिन 6 और 7 मार्च को 1999 रुपये रहेगा
देहरादून(उद संवाददाता)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को जौलीग्रांट से देहरादून-अयोध्या और देहरादून-अमृतसर फ्लाइट का शुभारंभ किया। फ्लाइट का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इन फ्लाइट के शुभारंभ होने से तीर्थ यात्रियों व अन्य लोगों को अयोध्या, अमृतसर की आसानी से आवाजाही में मदद मिलेगी। कहा कि इसके अलावा पंतनगर से वाराणसी के लिए भी फ्लाइट शुरू की जा रही है। जिससे गढ़वाल और कुमाऊं तीन और शहरों से सीधे हवाई मार्ग से जुड़ जाएगा। इन तीनों फ्लाइट को एलाइंस एयर द्वारा संचालित किया जा रहा है। सरकार के नागरिक उड्डयन विभाग ने बुधवार से शुरू होने जा रही उड़ानों का शेडयूल और किराया तय कर लिया है। कहा, सरकार ने अयोध्या धाम जाने वाली फ्लाइट का किराया 7006 रुपये में बड़ी छूट देते हुए 20 मार्च तक 1999 रुपये तय किया है। इससे अयोध्या धाम और श्रीराम मंदिर के दर्शन करने वालों को समय के साथ प्रति टिकट पर 5,000 रुपये का आर्थिक लाभ मिलेगा, जबकि दून से अमृतसर, वाराणसी और पंतनगर की फ्लाइट का किराया उद्घाटन के दिन 6 और 7 मार्च को 1999 रुपये रहेगा। तिवारी ने बताया, अयोध्या के लिए प्रत्येक सप्ताह सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को फ्लाइट उड़ान भरेगी। छूट सिर्फ 20 मार्च तक के शेडयूल के किराये पर रहेगी। इसके बाद पूरा किराया लिया जाएगा, जबकि दून से पंतनगर का किराया 4,500 रुपये, पंतनगर से वाराणसी का किराया 6,400 रुपये तय किया गया है। दोनों जगह उद्घाटन उड़ान के बाद 23 मार्च से नियमित उड़ानें मंगलवार, बृहस्पतिवार और शनिवार से उड़ेंगी। इसके अलावा दून से अमृतसर के लिए हेमकुंड साहिब यात्रा के दौरान नियमित उड़ानें प्रत्येक सप्ताह सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को उड़ेंगी। यहां नियमित उड़ान का किराया 4,850 रुपये तय किया गया है। देहरादून से अयोध्या धाम के लिए तय शेडयूल के दिन सुबह 9ः40 बजे उड़ने वाली उड़ान 11ः30 बजे अयोध्या पहुंचेगी, जबकि अयोध्या से तय शेडयूल से अयोध्या से 12ः15 बजे उड़ने वाली उड़ान 1ः55 बजे देहरादून पहुंचेगी।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हम सम्पूर्ण उत्तराखण्ड के अंदर लोगों के आवागमन को सुविधाजनक व आसान बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में हवाई सेवा क्षेत्र सहित प्रत्येक क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति हुई है। इसके पूर्व हम देहरादून से पिथौरागढ़ तथा पिथौरागढ़ से देहरादून के लिए एयर कनेक्टिविटी शुरू करने के साथ ही हल्द्वानी से चम्पावत, मुनस्यारी तथा पिथौरागढ़ के लिए हेली सेवाओं का शुभारम्भ कर चुके हैं। इस दौरान मुख्य सचिव श्रीमती राधा रतूड़ी, अपर मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन, सचिव श्री सचिन कुर्बे, अपर सचिव श्री सी. रवि शंकर, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी यूकाडा श्री दयानन्द सरस्वती, श्री हरीश कोठरी सहित सम्बंधित पदाधिकारी तथा अधिकारीगण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *