February 11, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

केन्द्रीय मंत्री अजय भट्ट ने लालकुआँ- अमृतसर एक्सप्रेस ट्रेन को दिखाई हरी झण्डी

लालकुआं(उद संवाददाता)। नैनीताल लोकसभा सीट से सांसद एवं केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने मंगलवार को बहुप्रतीक्षित लालकुआं से अमृतसर चलने वाली साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 15016 को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इससे पूर्व श्री भट्ट का यहां पहुंचने पर आम जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार स्वागत करते हुए अभिनंदन किया गया। श्री भट्ट भाजपा हाई कमान द्वारा नैनीताल उधम सिंह नगर लोकसभा क्षेत्र से प्रत्याशी बनाए जाने पर आज पहली बार यहां पहुंचे थे। श्री भट्ट को प्रत्याशी बनाए जाने पर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम जनता में भी काफी खुशी की लहर है। श्री भट्ट ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि यह उनके लिए बड़ी गर्व की बात है कि भाजपा हाई कमान द्वारा उन पर विश्वास जताते हुए पुन इस लोकसभा क्षेत्र से अपना उम्मीदवार बनाया है इसके लिए वह पार्टी के आभारी है। इस दौरान उन्होंने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि आज डबल इंजन की सरकार में भारत और उत्तराखंड का चहुंमुखी विकास हो रहा है। श्री मोदी द्वारा कराया जा रहे विकास कार्याॅ से पूरे भारतवर्ष में भाजपा के प्रति माहौल है। विकास कार्यों के दम पर भाजपा चुनाव में उतरी है और इस बार 400 के पार को भाजपा साकार करके दिखाएंगी। श्री भट्ट ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के साथ ही विधायक एवं भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ उस पर सवार होकर रूद्रपुर के लिए रवाना हुए। कार्यक्रम में मुख्य रूप से क्षेत्रीय विधायक मोहन सिंह बिष्ट, रूद्रपुर विधायक शिव आरोरा, भारत भूषण चुघ, मंडल अध्यक्ष धन सिंह बिष्ट, जगदीश पंत, दीपक बहुगुणा, दिनेश खुल्बे, अभिषेक शर्मा, नारायण बिष्ट, प्रेमनाथ पंडित, सुरेंद्र लोटनी, भूपेंद्र सिंह, राजकुमार सेतिया, आशीष भाटिया, संजीव शर्मा सहित तमाम भाजपा कार्यकर्ता सहित रेलवे के एडीआरएम राजीव अग्रवाल, सीनियर डीसीएम संजीव शर्मा और लालकुआं वासी मौजूद रहे।

ये होगा ट्रेन का रूट – लालकुआँ- अमृतसर एक्सप्रेस ट्रेन प्रत्येक मंगलवार को लालकुआं से तथा अमृतसर से चलाई जाएगी। मंगलवार को लालकुआँ से 13.40 बजे प्रस्थान कर रूद्रपुर सिटी से 14.18 बजे, मुरादाबाद से 16.15 बजे, सहारनपुर से 20.30 बजे, अम्बाला से 22.10 बजे, लुधियाना से 23.56 बजे तथा दूसरे दिन जलन्धर सिटी से 00.55 बजे छूटकर अमृतसर 02.20 बजे पहुॅचेगी। वापसी में 15016 अमृतसर-लालकुआँ एक्सप्रेस प्रत्येक बुधवार को अमृतसर से 05.55 बजे प्रस्थान कर जलन्धर सिटी से 07.07 बजे, लुधियाना से 08.12 बजे, अम्बाला से 10.05 बजे, सहारनपुर से 11.25 बजे, मुरादाबाद से 15.00 बजे तथा रूद्रपुर सिटी से 16.50 बजे छूटकर लालकुआँ 17.35 बजे पहुॅचेगी। इस गाड़ी में जनरेटर सह लगेज यान का 01, एल.एस.एल.आर.डी. का 01, साधारण द्वितीय श्रेणी के 03, शयनयान श्रेणी के 06, वातानुकूलित तृतीय इकोनामी श्रेणी के 05, वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी का 01 तथा वातानुकूलित प्रथम श्रेणी के 01 कोच सहित कुल 18 कोच लगाये गए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *