February 26, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

मोबाईल पर बात कर रही युवती को खेत से उठा ले गया गुलदार ! जंगल में मिले फटे हुए कपड़े, सर्च अभियान जारी

नैनीताल (उद संवाददाता)। संदिग्ध परिस्थितियों में घर से एक युवती गायब हो गई। छानबीन करने के बाद पता चला कि युवती को तेंदुआ उठा ले गया। वन विभाग समेत ग्रामीणों ने जंगल में युवती की खोजबीन की मगर कुछ पता नहीं लग पाया है।जानकारी के अनुसार नैनीताल से करीब 21 किलोमीटर दूर स्थित तल्ला बगड़ के तोला गांव में एक युवती शुक्रवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गई। आ पास गुलदार के पैरों के निशान देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि युवती को तेंदुआ उठा ले गया है। वन विभाग समेत ग्रामीणों ने देर रात तक जंगल में युवती की खोजबीन की मगर उसका पता नहीं लग पाया है। ग्रामीणों ने जंगल में युवती के कपड़े और मोबाइल बरामद किया है। प्राप्त जानकारी मुताबिक 22 वर्षीय सुमन मेहरा पुत्री गोधन सिंह मेहरा शुक्रवार को घर में अकेली थी। उसके माता-पिता किसी काम से सौड़ गए थे। शाम को जब उसके माता-पिता घर पहुंचे तो सुमन नहीं दिखाई दी। खेत में बंधा कुत्ता घर पर मिला तो सुमन की मां की टेंशन बढ़ गई। जानकारी मिलने पर ग्रामीण भी एकत्र हो गये। ग्रामीणों ने खोजबीन शुरू की तो सुमन का फटा हुआ एक कपड़ा, चप्पल और फोन का कवर पड़ा मिला। साथ ही आस पास गुलदार के पद चिन्ह भी देखे गये। जिससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि सुमन को गुलदार उठा ले गया है। सूचना पर वन विभाग के वन क्षेत्राधिकारी प्रमोद तिवारी के नेतृत्व में 50 से ज्यादा कर्मचारियों और ग्रामीणों की टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाया। देर रात तक टीम टार्च व ग्रामीण जलती मशालों के साथ जंगल में खोजबीन करते रहे लेकिन सुमन का पता नहीं चल सका। ग्रामीणों के मुताबिक खेत में तेंदुए या बाघ के पैरों के निशान दिखाई दे रहे हैं। सुमन का मोबाइल भी नहीं मिल सका है। मोबाइल स्विच ऑफ आ रहा है। समाचार लिखने तक युवती की खोजबीन जारी थी। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कई दिनों से गुलदार और बाघ का आतंक बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *