Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

मेट्रोपोलिस सिटी कालोनी मार्ग पर कार की टक्कर से युवक की मौत,युवती गंभीर

रूद्रपुर (उद संवाददाता)। मेट्रोपोलिस सिटी कालोनी मार्ग पर कार और बाईक की भिडंत में बाईक सवार युवक की मौत हो गई । जबकि उसके साथ बैठी युवती गंभीर रूप से घायल हो गई जिसे उपचार के लिए एक निजी चिकित्सालय भर्ती कराया गया है। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार सोमवार सायं मैट्रोपोलिस सिटी निवासी 16 वर्षीय निखिल यादव पुत्र जयदेव ओमेक्स कालोनी निवासी अमृतक्षी नंदा पुत्री मानस रंजन के साथ बाईक पर सवार होकर मॉल की ओर आ रहा था। अभी वह कालोनी के गेट नम्बर दो के पास ही पहुंचा था कि सामने से तेज गति से आती कार ने बाईक को जोरदार टक्कर मार दी । बताया जाता है कि कार को एक प्रतिष्ठित व्यवसायी की पुत्री चला रही थी। इस दुर्घटना में बाईक सवार नितेश और अमृतक्षी गंभीर रूप से घायल हो गये। मामले की जानकारी मिलते ही दोनों के परिजन भी मौके पर आ गये और उन्हें उपचार के लिए निजी चिकित्सालय ले गये। जहां से निखिल को जिला चिकित्सालय ले जाया गया लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। घटना में घायल अमृतक्षी की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने जिला चिकित्सालय पहंुचकर मृतक निखिल के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। इधर मामले की जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल मोर्चरी पहंुचे और उन्होंने घटना पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए परिजनों को ढ़ांढस बंधाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *