Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

पहली बार देहरादून में कल सजेगा बागेश्वर बाबा का दरबार

 धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के दरबार में भक्तों की पचास हजार से अधिक भीड़ पहुंचने की संभावना
देहरादून (उद संवाददाता)। नवंबर शनिवार को लगने वाला धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का दरबार अब दून के परेड ग्राउंड के पास खेल मैदान में लगेगा। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में अनुमति को लेकर क्लीयरेंस नहीं मिलने और सुरक्षा कारणों के चलते आयोजन स्थल में बदलाव करना पड़ा। परेड ग्राउंड खेल मैदान में दरबार लगाने के लिए खेल निदेशालय से अनुमति मिल गई है। वहीं, शुक्रवार को हवन पूजा के साथ तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। राजधानी दून में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का पहली बार दरबार लगाया जा रहा है। श्री पशुपतिनाथ मंदिर भारत चौरिटेबल ट्रस्ट की ओर से इस कार्यक्रम को रायपुर के महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में कराया जा रहा था, लेकिन रायपुर से कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया। कार्यक्रम के संयोजक निवृत्ति यादव ने बताया कि सुरक्षा को देखते हुए रायपुर के स्टेडियम के बजाय अब कार्यक्रम दून के परेड ग्राउंड के पास खेल मैदान में होगा। दरबार में 40 से 50 हजार भक्तों के पहुंचने की संभावना है। चार नवंबर को धीरेंद्र शास्त्री का दरबार पांच बजे से शुरू होकर रात दस बजे तक चलेगा। सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष कुमार ने बताया कि किन कारणों से बदलाव हुआ, यह जानकारी नहीं है। लेकिन अब यह आयोजन परेड ग्राउंड खेल मैदान में होगा। परेड ग्राउंड शहर के बीच में है। धीरेंद्र शास्त्री के दरबार में भक्तों की काफी संख्या में भीड़ उमड़ती है। दून में उनका दरबार पहली बार लगने जा रहा है। ऐसे में कार्यक्रम में भीड़ आने की उम्मीद है। इसलिए प्रशासन को परेड ग्राउंड में कार्यक्रम को लेकर काफी मशक्कत करनी होगी। खासकर यातायात को लेकर बड़ी चुनौती होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *