Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

ट्रायल के लिए दून पहुंची वंदे भारत ट्रेन

देहरादून । देहरादून रेलवे स्टेशन से दिल्ली के बीच वंदे भारत ट्रेन का संचालन लिए तैयारियां लगभग पूरी हो गयी है। मंगलवार को ट्रायल के लिए वंदे भारत देहरादून रेलवे स्टेशन पहुंची । ट्रेन के उद्घाटन के लिए देहरादून रेलवे स्टेशन को भव्य रूप से सजाने का काम शुरू कर दिया गया है। दून से चलने वाली यह ट्रेन देश की 18वीं वंदे भारत ट्रेन होगी। 25 मई को सुबह 11 बजे रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ट्रेन का उद्घाटन करेंगे। इस मौके पर दून रेलवे स्टेशन के दो प्लेटफॉर्म पर करीब 300 मीटर से अधिक का लंबा टेंट लगना है। जबकि स्टेशन पर रखे गमलों पर भी रंग-रोगन का काम तेजी से किया जा रहा है। सोमवार को डीआरएम मुरादाबाद मंडल अजय नंदन समेत रेलवे के कई अधिकारियों ने देहरादून स्टेशन का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इसके बाद तमाम अधिकारी रुड़की रेलवे स्टेशन के निरीक्षण के लिए रवाना हो गए। डीआरएम मुरादाबाद अजय नंदन कुछ दिनों से देहरादून में ही हैं। रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि 25 से अधिक मजदूर टेंट लगाने का काम कर रहे हैं। जबकि कुछ गमलों व स्टेशन के आसपास रंग रोगन का कार्य कर रहे हैं। रेलवे के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सुधीर सिंह ने बताया कि दो मंच तैयार होने के बाद दोनों प्लेटफॉर्म पर गाड़ियों की आवाजाही रोक दी जाएगी। प्लेटफॉर्म नंबर एक से वंदे भारत ट्रेन को दिल्ली के लिए रवाना किया जाएगा। गाड़ी कब देहरादून पहुंचेगी, ट्रेन का संचालन, समय, टिकट और स्टोपेज को लेकर अभी अधिसूचना जारी नहीं की गई है। एक-दो दिन में रेलवे की ओर से यह अधिसूचना जारी कर दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *