Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

परिजनों से मामूली कहासुनी के बाद किशोर ने पुल से लगाई छलांग

रामनगर। परिजनों से मामूली कहासुनी के बाद बुधवार देर रात एक 15 वर्षीय किशोर ने कोसी बैराज नए बाईपास पुल से खड़े होकर नीचे छलांग लगा दी। गंभीर हालत में किशोर को सरकारी अस्पताल ले जाया गया जहां से उसे रैफर कर दिया गया। इसी दौरान युवक की मौत हो गयी। मृतक के साथ आये लोगों ने ईलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में जमकर हंगामा काटा और तोड़ फोड़ की। जिस पर अस्पताल में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। हंगामा करने वालों के खिलाफ अस्पताल प्रबंधन की ओर से तहरीर दी गयी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहल्ला मोतीमहल निवासी कुंवर पाल का 15 वर्षीय पुत्र भानु कश्यप ने बुधवार की रात अज्ञात कारणों के चलते उक्त पुल से छलांग लगा दी। जिसके बाद मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने पुल के नीचे जाकर गंभीर रूप से घायल भानु को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचाया। इसी बीच घायल किशोर के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। हालत गंभीर होने के चलते चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। जिसके बाद इस किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मृतक किशोर के साथ आए कुछ लोगों द्वारा सरकारी अस्पताल में जमकर हंगामा करने के साथ ही वहां मौजूद अस्पताल कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की एवं मारपीट करते हुए गाली गलौज भी की। गुस्साए लोगों ने इमरजेंसी के बाहर रखी टेबल को भी पलट दिया। अस्पताल के बाहर खड़ी एंबुलेंस के शीशे भी तोड़ दिए। घटना के बाद सूचना मिलने पर अस्पताल में भारी पुलिस बल पहुंच गया। लेकिन तब तक हंगामा कर रहे लोग और मृतक के परिजन शव को लेकर मौके से चले गए। घटना के संबंध में अस्पताल प्रबंधक डॉक्टर प्रतीक ने बताया कि अराजक तत्वों द्वारा जो भी अस्पताल के अंदर हंगामा या तोड़फोड़ की गई है। वह सब अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। उन्होंने इस संबंध में कोतवाली पुलिस को अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की है। घटना के दौरान अस्पताल में मौजूद कुछ कर्मचारियों ने भागकर अपनी जान बचाई वही पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है तथा घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *