Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

गाजे बाजों के साथ निकला अटरिया मां का डोला, मेला शुरू

रुद्रपुर । गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी मोहल्ला रम्पुरा स्थित मां अटरिया देवी मंदिर से जयघोषों एवं पुष्प वर्षा के बीच मां अटरिया देवी का भव्य डोला गाजे बाजों के साथ कड़ी सुरक्षा के बीच निकाला गया। जो नगर के मुख्य मार्गों से होकर गुजरता हुआ प्राचीन श्री अटरिया देवी माता शक्ति पीठ पहुंचा। जहां मां अटरिया देवी की प्रतिमा को विधि विधान एवं पूजा अर्चना के बीच स्थापित किया गया। इसके साथ ही प्राचीन श्री अटरिया मेला भी प्रारंभ हो गया। इससे पूर्व मोहल्ला रम्पुरा स्थित मां अटरिया देवी मंदिर में प्रातः महंत पुष्पा देवी की अगुवाई में विधि विधान से पूजा अर्चना की गई। जिसके पश्चात फूल मालाओं से सुसज्जित पालकी में माँ अटरिया देवी की प्रतिमा को विराजमान किया गया। श्रद्धालुओं द्वारा पालकी पर पुष्प वर्षा की गई सारा वातावरण मां अटरिया देवी के जय घोषों से गुंजायमान हो उठा। भव्य डोला शोभायात्रा में कई आकर्षक झांकियां प्रदर्शित की गई थीं वही कलाकारों द्वारा किये जा रहे राधा कृष्ण के नृत्य से लोग मंत्रमुग्ध होकर नाचते गाते जा रहे थे। शोभायात्रा का जगह जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्प वर्षा के साथ स्वागत किया गया। शोभायात्रा रम्पुरा से प्रारंभ होकर किच्छा रोड़, इन्द्रा चौक, नैनीताल रोड़, डीडी चौक, अटरिया रोड़ होती हुई प्राचीन श्री अटरिया माता शक्तिपीठ पहुंची। जहां धार्मिक अनुष्ठानों के साथ माँ अटरिया की प्रतिमा स्थापित किया गया। शोभायात्रा महंत माता पुष्पा देवी की अगुवाई में निकाली गयी। डोले के आगे और पीछे भारी पुलिस बल तैनात रहा। सुरक्षा व्यवस्था की कमान चौकी प्रभारी रम्पुरा अर्जुन गिरी गोस्वामी, आदर्श कालोनी चौकी प्रभाीर अशोक कांडाल, एसआई मोहन चंद संभाल रहे थे। साथ ही कांस्टेबल महेन्द्र कुमार, हरीश सनवाल, हेम फुलारा सहित कई पुलिस कर्मी तैनात रहे। डोले में अनिल चौहान, मीना शर्मा, अनिल शर्मा,उत्तम दत्ता, तरूण दत्ता, राजेश गुप्ता, राजू गुप्ता सहित हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *