February 14, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

नजूल भूमि पर बसे हजारों लोग आज भी मालिकाना हक के लिए तरस रहे हैं : किशोर उपाध्याय

रूद्रपुर। उत्तराखण्ड कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने प्रदेश की भाजपा सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार में आम जनता त्रस्त हो चुकी है और जनता इस सरकार को उखाड़ फैंकने का मन बना चुकी है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष आज महानगर कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। कोरोना काल में आम आदमी रोजी रोटी के लिए परेशान है। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें घटने के बावजूद सरकार पेट्रोल और डीजल के दाम लगातार बढ़ा रही है। कोरोना संकट के इस दौर में सरकार ने गरीबों के बिजली बिल के साथ साथ जरूरतमंदों को टैक्स माफ करके राहत देनी चाहिए थी लेकिन ऐसा नहीं हुआ है। सरकार टैक्स लेकर अपना घर भर रही है। जनता को राहत पहुंचाने के बजाय सिर्फ झूठे आश्वासन दिये जा रहे हैं। प्रदेश में पर्यटन व्यवसाय चैपट है। लाॅकडाउन से होटल व्यवसायियों के साथ साथ पर्यटन से जुड़ने अन्य व्यवसायियों की कमर टूट चुकी है लेकिन राहत के नाम पर सरकार ने इन्हें अभी तक कुछ नहीं दिया है। नजूल नीति पर सरकार को घेरते हुए उपाध्याय ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने नजूल नीति लागू की थी, लेकिन सरकार उसे भी बचाने में नाकाम रही है। नजूल भूमि पर बसे हजारों लोग आज भी मालिकाना हक के लिए तरस रहे हैं लेकिन सरकार इस मामले में कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार की जीरो टाॅलरेंस की नीति को ढकोसला बताते हुए कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है। अफसर सरकार की सुनने को तैयार नहीं हैं। विकास कार्यों में ठेकेदारी प्रथा हावी हो चुकी है। कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से जनता बुरी तरह त्रस्त हो चुकी है और उत्तराखण्ड में भाजपा को सत्ता से उखाड फैंकने का मन बना चुकी है। उन्होंने कहा कि 2022 के चुनाव में कांग्रेस प्रदेश में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनायेगी।उन्होंने कहा कि भाजपा ने जनता से जो वायदे किये थे वह खोखले साबित हुए हैं। प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का बुरा हाल है। सरकार कोरोना को रोकने में ननाकाम ससाबित हुयी है। प्रदेश की जनता एक तरफ कोरोना के कहर से परेशान है तो दूसरी तरफ महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी से लोगों का जीना दूभर हो चुका है। आज प्रदेश में बड़ी संख्या में बेरोजगारों की फौज खड़ी हो चुकी है। सरकार नई नियुक्तियां निकालने के बजाय बेरोजगारों को झूठे सब्जबाग दिखा रही है। सरकार ने घर लौटे प्रवासियों को रोजगार देने का वायदा किया था जो झूठा साबित हुआ है।  इससे पूर्व यहां पहुंचने पर किशोर उपाध्याय का कांग्रेसियों ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान कांग्रेस प्रदेश महासचिव हिमांशु गावा, महानगर अध्यक्ष जगदीश तनेजा, पूर्व पालिकाध्यक्ष मीना शर्मा, नारायण सिंह बिष्ट, प्रीत ग्रोवर, भीम ठुकराल, सुरेश गोरी, राजीव कामरा, मोनू निषाद, दिलीप अधिकारी आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *