Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

हल्द्वानी(उद संवाददाता)। हल्द्वानी उपकारागार में अलग अलग मामलों में बंद दो कैदियों के बीच संघर्ष को गया। एक कैदी ने दूसरे पर मुक्के के ताबड़तोड़ प्रहार कर दिए। घायल कैदी के अचेत होने पर जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। जेल में प्राथमिक उपचार के बाद कैदी को पहले सुशीला तिवारी और फिर बेस अस्पताल ले जाया गया। बेस अस्पताल के चिकित्सकों ने कैदी को मृत घोषित कर दिया। जेलर संजीव हयांकी की ओर से आरोपित कैदी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया है। बताया जा रहा है कि हत्यारोपित कैदी छेड़खानी के आरोप में बंद है जबकि मृतक डकैती के आरोप में बंद था। वरिष्ठ जेल अधीक्षक मनोज आर्य ने बताया कि बाजपुर निवासी शानू(19) पुत्र नन्हे डकैती कांड के आरोप में चार मार्च से जेल में बंद था। वहीं हल्द्वानी के दमुवाढूंगा निवासी आलोक नेगी पुत्र रमेश सिंह भी छेड़छाड़ के आरोप में छह मार्च को जेल में लाया गया था। दोनों को बैरक नंबर एक मंे रखा गया था। रविवार की रात खाना खाने के बाद सभी कैदी टीवी देख रहे थे। इसी दौरान शानू और आलोक के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई। आलोक ने लेटे हुए शानू के सीने पर मुक्के के कई प्रहार कर दिए। शानू जैसे ही उठा, गश खाकर जमीन पर गिर गया।जेल प्रशासन को इसका पता चला तो तुरंत चिकित्सक से प्राथमिक उपचार कराया गया। इसके बाद शानू को सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया। सुशीला तिवारी अस्पताल में उपचार नहीं मिलने पर उसे बेस हाॅस्पिटल ले जाया गया। बेस के चिकित्सकों ने शानू को मृत घोषित कर दिया। देर रात जेलर संजीव हयांकी की तहरीर पर आलोक नेगी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। शानू के परिवार वालों को घटना की सूचना दे दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *