Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

संदिग्ध परिस्थितियों में युवक ने लगायी फांसी

काशीपुर(उद संवाददाता)। संदिग्ध परिस्थितियों में देर रात एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कमरे का दरवाजा तोड़ते हुए मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के हवाले कर दिया।  खबर लिखे जाने तक घटना के सही कारणों का पता नहीं चल सका है। परिजनों की मानें तो मृतक काफी समय से अवसाद में था। जानकारी मिली है कि मोहल्ला पक्काकोट निवासी राजेंद्र सिंह का 23 वर्षीय पुत्र प्रीतपाल उर्फ सन्नी गत सोमवार की रात घर में मौजूद था इसी दौरान उसने मकान के निचले हिस्से में बने कमरे में खुद को बंदकर अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगा ली। काफी देर तक कोई सुगबुगाहट ना होने पर परिजनों को अंदेशा हुआ।  उन्होंने कमरे में झांककर देखा तो युवक फांसी पर झूलता पाया गया। घटना के वक्त  परिवार के सभी लोग घर में मौजूद थे।  पुलिस को जैसे ही इसका पता चला वह मौके पर पहुंच गई। बंद कमरे का दरवाजा तोड़कर पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेते हुए पंचनामा भरकर आज शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों के हवाले कर दिया। मृतक के पिता की वर्षों पूर्व मौत हो चुकी है।  मृतक  दो बहनों का इकलौता भाई था। युवक की मौत से परिजनों में शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *