Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

कांग्रेस नेता केसी बाबा ने किया सीएए का समर्थन

काशीपुर(उद संवाददाता)। सीएए पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व सांसद के सी सिंह बाबा द्वारा समर्थन किये जाने से कुमाऊं में कांग्रेसी राजनीति में भूचाल आ गया है। हालांकि बाबा ने इस बारे में कोई आधिकारिक बयान तो नहीं दिया है लेकिन बीते रोज चामुंडा मंदिर में उत्तरायणी मकर संक्रांति मेले के दौरान कुछ ऐसा घटित हो गया कि कांग्रेस खेमे में खलबली मच गई है।हुआ यूँ कि भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा नागरिकता संशोधन कानून के पक्ष में मेले में एक बैनर लगा कर हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। इस बीच केसी सिंह बाबा मेले के समापन के लिए पहुंचे। तभी भाजपा के इस अभियान में लगे भाजपा नेताओं ने बाबा का अभिवादन किया और उन्हें नागरिकता संशोधन कानून के पक्ष में लगाये गये बैनर पर हस्ताक्षर करने का अनुरोध किया। बाबा ने बैनर पर हस्ताक्षर कर दिये। बता दें कि सीएए को लेकर कांग्रेस का देशव्यापी विरोध चल रहा है। ऐसे में पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद द्वारा भाजपा के सीएए के समर्थन में हस्ताक्षर करने से काशीपुर ही नहीं सूबे की कांग्रेसी राजनीति में तूफान उठ खड़ा हुआ है। हालांकि कांग्रेस के स्थानीय राजनेता इस बारे में खुलकर कुछ कहने से कतरा रहे हैं। उधर भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डा- गिरीश चन्द्र तिवारी का कहना है कि पार्टी के निर्देश पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा देशभर में सीएए के समर्थन में रैलियां और हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में यहां भी भारतीय जनता युवा मोर्चा के तत्वावधान में मकर संक्रांति मेले में यह कार्यक्रम था। पूर्व सासंद के सी सिंह बाबा जब मेले के समापन पर आये तो उन्होंने भी हस्ताक्षर कर इस अभियान पर अपनी सहमति जताई।
फोन पर बाबा ने जताई असहमति
काशीपुर। पूर्व सांसद केसी सिंह बाबा से इस बारे में फोन पर बातचीत किए जाने पर उन्होंने सीएएए के समर्थन पर अपनी असहमति जताई उन्होंने कहा कि वह पूरी तरह कांग्रेस के साथ हैं। उन्होंने कहा कि कल वह एक धार्मिक आयोजन में उत्तरायणी मेले के समापन समारोह में शामिल हुए थे। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी के शीर्ष नेता जो निर्देश देंगे वह उसका पालन करेंगे। उन्होंने बताया कि वह पूरी तरह कांग्रेसी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *