Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

रूद्रपुर,(उद संवाददाता)। आज तड़के देहरादून निवासी यूआईआरडी कर्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी। परिचित उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय ले गये जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने जिला चिकित्सालय पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आवश्यक जानकारी ली। बताया जाता है कि मूलरूप से देहरादून निवासी 54वर्षीय राजीव सिंह पुत्र लाल सिंह टिहरी में यूआईआरडी विभाग में कार्यरत थे और यहां विभागीय प्रशिक्षण के लिए आये हुए थे। गत दिवस ब्लाक कार्यालय में प्रशिक्षण पूर्ण होने के पश्चात वह अपने करीबी परिचित धर्मपाल के आवास पर रूक गये। मध्यरात्रि राजीव का स्वास्थ्य अचानक तेजी से खराब हो गया जिससे धर्मपाल व उसके परिजनों में चिंता व्याप्त हो गयी। आनन फानन में राजीव को तत्काल उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित किया। धर्मपाल ने मामले की जानकारी मृतक राजीव के परिजनों को दी। इधर घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने जिला चिकित्सालय पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर आवश्यक जानकारी ली और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। समाचार लिखे जाने तक मृतक के परिजन नहीं पहुंचे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *