Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

रूद्रपुर,(उद संवाददाता)। अज्ञात चोरों ने गतरात्रि सिविल लाइन स्थित सनसिटी प्लाजा काम्पलेक्स में दो दुकानों के ताले तोड़ लाखों की कीमत का सामान व हजारों की नकदी उड़ा ली। इसके अलावा चोरों ने कुछ अन्य दुकानों पर भी चोरी का प्रयाास किया लेकिन कामयाब नहीं हो पाये। प्रातः मामले की जानकारी मिलने पर दुकान स्वामियों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया साथ ही सीसी टीवी कैमरे की फुटेज भी खंगाली। जानकारी के अनुसार सिविल लाइन स्थित सनसिटी प्लाजा में गदरपुर निवासी एलआईसी एजेंट कल्याण दास अरोरा पुत्र करतार चंद का कार्यालय है। आज प्रातः करीब 10बजे जब वह कार्यालय खोलने पहुंचे तो शटर के दोनों ताले एवं सेंट्रल लॉक टूटे मिले। जब उन्होंने शटर उठाकर भीतर जाकर देखा तो सारा सामान अस्तव्यस्त पड़ा था। अलमारियां एवं सभी दराजें खुली थीं और केबिल अस्त व्यस्त थे। कल्याणदास ने बताया कि अज्ञात चोर कार्यालय से एलईडी टीवी, डीबीआर व ढाई हजार की नकदी सहित अन्य सामान चोरी कर ले गये। उन्होंने घटना में करीब ढाई लाख का नुकसान होना बताया। वहीं काम्प्लेक्स के ही एक अन्य दुकानदार ग्राम भगवानपुर निवासी आशुतोष नेगी पुत्र एसएस नेगी ने बताया कि उनकी काम्पलेक्स में टी शियर नाम से लेडीज सैलून शाप है। उनका कहना था कि आज प्रातः जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो दोनों ताले टूटे थे। जब भीतर जाकर देखा तो काउंटर के दराज खुले थे साथ ही अलमारी में रखा सामान भी नदारद था। उन्होंने बताया कि अज्ञात चोर दुकान से दो मोबाइल, 20हजार की नकदी, हार्ड डिस्क व डीबीआर सहित अन्य सामान चोरी कर ले गये। इधर काम्पलेक्स के कुछ अन्य दुकानदारों ने भी बताया कि चोरों द्वारा उनकी दुकानों के शटर के ताले तोड़ने के प्रयास किये गये लेकिन इसमें कामयाब नहीं हो पाये। मामले की जानकारी मिलने पर आदर्श कालोनी बाजार चैकी के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और उन्होंने दुकान स्वामियों से घटना की विस्तार से जानकारी ली और काम्पलेक्स में लगे कई सीसी टीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला। पुलिस ने बताया कि चोरों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जायेगा। समाचार लिखे जाने तक घटना की तहरीर नहीं दी गयी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *