February 13, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

अज्ञात वाहन की टक्कर से महिला श्रमिक गंभीर

रूद्रपुर(उद संवाददाता)।किच्छा बाईपास मार्ग पर शिवनगर तिराहा के समीप फैक्ट्री में कार्य के लिए जा रही महिला श्रमिक को तीव्र गति से जाते अज्ञात वाहन चालक ने टक्कर मार दी जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गयी जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय ले जाया गया। घटना की सूचना मिलने पर महिला के परिजन भी जिला चिकित्सालय आ पहुंचे। प्राथमिक उपचार के पश्चात महिला की हालत चिंताजनक देखने पर चिकित्सकों ने उसे रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार आवास विकास कालोनी निवासी 35वर्षीय सुनीता बिष्ट पत्नी योगेंद्र आज प्रातः रोज की तरह मोहल्ला जगतपुरा निवासी महिला श्रमिक साथी के साथ खेड़ा स्थित एलईडी बल्ब बनाने की लघु फैक्ट्री में कार्य के लिए जा रही थी। जब दोनों महिलाएं पैदल शिवनगर तिराहा के समीप पहुंची तो पीछे की ओर से तीव्र गति से आते अज्ञात वाहन चालक ने सुनीता को टक्कर मार दी जिससे सुनीता सिर के बल सड़क पर आ गिरी और उसके सिर से खून बह निकला। वाहन चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल सुनीता को निजी वाहन से उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। उसके सिर पर गंभीर चोट होने के कारण चिकित्सकों ने हालत चिंताजनक देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *