February 11, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

डकैती के बाद रूद्रपुर और यूपी पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश,ज्वैलर्स को उठाया

रूद्रपुर। नगर क्षेत्र में एक के बाद एक हो रही हत्या व डकैती की घटनाओं के खुलासे में जुटी पुलिस टीम ने पूछताछ के लिये कुछ लोगों को अपनी हिरासत में लिया हुआ है। जिनसे हुई पूछताछ के दौरान अहम सुराग मिले हैं। आज पुलिस ने मुख्य बाजार स्थित ज्वैलर्स शॉप पर औचक दबिश देकर दुकान स्वामी को पूछताछ के लिये अपनी हिरासत में ले लिया और उसे गुप्त स्थान ले गये। गौरतलब है कि पिछले दिनों नगर की सिंह कालोनी में खाद्य वितरण अधिकारी नरेश चौहान के आवास पर डकैतों ने धावा बोलकर नरेश चौहान व उनके किरायेदारों को बंधक बनाकर लाखों रूपये कीमत के जेवरात व नगदी लूट ली थी। यह मामला अभी ठंडा नहीं हुआ था कि डकैतो ंने गंगापुर मार्ग स्थित मां सर्वेश्वरी एनक्लेव में दवा कंपनी के प्रोडक्शन मैनेजर पंकज श्रीवास्तव के घर धावा बोलकर उनकी पत्नी अर्पणा की निर्मम हत्या कर दी जबकि पंकज व डेढ़ वर्षीय पुत्री अक्षता को गंभीर रूप से घायल कर घर से लाखों रूपये का कीमती सामान व नगदी लूट लिया। पुलिस के समक्ष दोनो घटनाओं का खुलासा करना गंभीर चुनौती बना है। इस संदर्भ में एडीजी लॉ एंड आर्डर अशोक कुमार, आईजी पूरन सिंह रावत भी घटना स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को घटनाओं का खुलासा करने का निर्देश दे चुके है। एसएसपी द्वारा पुलिस की कई टीमें गठित कर संगठित गिरोह तक पहुंचने के लिये कई राज्यों में दबिश दे रही है। हांलाकि पुलिस अधिकारियों ने दावा किया है कि कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे है और शीघ्र घटनाओं का खुलासा किया जायेगा। संभवतः इस क्रम में पुलिस ने मुख्य बाजार से एक ज्वैलर्स को पूछताछ के लिये अपनी हिरासत में लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *