February 14, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

गावा के समर्थन में युकां प्रदेश इकाई ने किया सांकेतिक उपवास

गावा के समर्थन में युकां प्रदेश इकाई ने किया सांकेतिक उपवास
रुद्रपुर(उद संवाददाता)। कांग्रेस जिला महासचिव सुशील गाबा द्वारा रुद्रपुर की बदहाल हो चुकी सड़कों को लेकर चलाए जा रहे रहे आंदोलन से युवा कांग्रेस ने भी प्रेरणा ली है। आज यूथ कांग्रेस की प्रदेश इकाई उपाध्यक्ष गुरप्रीत सिंह प्रिंस व जिला अध्यक्ष अभिषेक शुक्ला अंशु के नेतृत्व में युंका नेताओं ने रुद्रपुर पहुंच कर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के सम्मुख सांकेतिक अनशन कर श्री गाबा व उनके साथियों को समर्थन दिया। आज गाँधी पार्क में पहुँचें युंका प्रदेश उपाध्यक्ष गुरप्रीत प्रिंस व जिला अध्यक्ष अभिषेक शुक्ला अंशु ने सर्वप्रथम राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी की प्रतिमा पर मालार्पण किया। इसके बाद रुद्रपुर में सड़कों को लेकर आंदोलन कर रहे जिला महासचिव सुशील गाबा व उनका सहयोग कर रहे जिला उपाध्यक्ष ओंकार सिंह ढिल्लन का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इसके बाद सड़क निर्माण के नारों की तख्तियां लेकर अनशन करते हुए वक्ताओं ने अपने विचार रखे। मुख्य अतिथि युवक कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष गुरप्रीत सिंह प्रिंस नें कहा कि आज सड़कों को लेकर रुद्रपुर में प्रारम्भ हुआ श्री गाबा का गाँधीवादी सत्याग्रह पदयात्रा आंदोलन पूरे प्रदेश के युवाओं के लिए एक प्रेरणा बन गया है। भारी गर्मी, कोरोना जैसी महामारी के खतरे के बावजूद जिस प्रकार श्री गाबा व उनके साथ ओंकार सिंह ढिल्लन रोजाना कई कई घंटे पैदल चलकर सड़क निर्माण की जंग लड़ रहे हैं, वो कांग्रेस की समृद्ध आंदोलन परंपरा का ही अंग है। आज पूरे प्रदेश में हर जगह विकास ठप्प है, सड़के नहीं बन रही और आम आदमी मूलभूत सुविधाओं तक से महरूम है, इस समय में श्री गाबा के इस गांधीवादी सत्याग्रह पदयात्रा नें प्रदेश के युवाओं को एक नई राह दिखा डाली है। युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष अभिषेक शुक्ला अंशु ने कहा कि आज युवक कांग्रेस ऐसे योद्धा का स्वागत कर रही है, जो एक मामूली व आम परिवार का सदस्य होने के बावजूद हमेशा समाज हित के लिए लड़ता रहा है। आज रुद्रपुर की जनता को ऐसे नौजवानों के उत्साहवर्धन करनें, उनके साथ कँधे से कँधा मिलाकर साथ देनें की जरूरत है, ताकि सड़कों जैसी मूलभूत सुविधाओं को भाजपा सरकार से हासिल किया जा सके। युवा कांग्रेस की प्रदेश व जिला इकाई गाबा व उनके सहयोगी ओंकार सिंह ढिल्लन को इस अभियान में समर्थन की घोषणा करती है। श्री शुक्ला ने हर वार्ड के युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की कि वह अपने-अपने वार्डों में श्री गाबा के साथ कदम से कदम मिलाकर चलें।इस दौरान पार्षद व नेता प्रतिपक्ष मोनू निषाद, युंका विधानसभा अध्यक्ष विजय मण्डल, तरन बिंद्रा, चंद्रशेखर डब्लू, हसीब, अकरम खान, गौतम घरामी, राज चक्रवर्ती आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *