Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

एनएच परियोजना निदेशक का घेराव,सुनाई खरी खोटी

रूद्रपुर। एनएच 74 का काम पूर्ण न होने से भड़के भाजपाईयों ने आज विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में एनएचएआई के कार्यालय में हंगामा कर परियोजना निदेशक का घेराव किया। विधायक ने एनएचएआई के प्रोजेक्ट अधिकारियों को जमकर खरी खोटी सुनाई और चेतावनी देते हुए कहा कि 27 मई तक काम शुरू नहीं हुआ तो एनएचएआई के कार्यालय में तालाबंदी की जायेगी और किच्छा रोड पर स्थित टॉल प्लाजा पर वाहनों से वसूली भी बंद करा दी जायेगी। गौरतलब है कि एनएच 74 पर रूद्रपुर किच्छा और गदरपुर के बीच कई स्थानों पर मार्ग का निर्माण पूरा नहीं हुआ है जिससे आये दिन हादसे हो रहे हैं और लोगो को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। निर्माण पूरा नहीं करने के विरोध में मंगलवार को  विधायक ठुकराल के साथ तमाम भाजपाई फ्रैंड्स इन्कलेव स्थित एनएचएआई कार्यालय जा धमके। उन्होंने परियोजना निदेशक संदीप कार्की का घेराव कर जमकर खरी खोटी सुनाई। परियोजना निदेशक को दिये गये ज्ञापन में उन्होंने कहा कि कई वर्ष बाद भी काम अधूरा है जिससे आयेदिन हादसों के कारण लोगों को जान गंवानी पड़ रही है, सड़क का जगह जगह बुरा हाल है। एनएच का कार्य पूर्ण न होने के बाद भी टोल वसूला जा रहा है जोकि गलत है।कई बार अवगत कराया गया लेकिन कार्य शुरू नहीं किया गया। उन्होंने मांग की कि एक माह के भीतर कार्य पूर्ण किया जाये ताकि इन्दिरा चैक से बगवाड़ा तक और इंदिरा चैक से ग्रीन पार्क तक की स्थिति का सुधार हो सके। यदि कार्य शीघ्र पूरा नहीं किया गया तो आंदोलन किया जायेगा। इस दौरान विधायक ने एनएचएआई के अधिकारियों को खरी खोटी सुनाते हुए कहा कि 27 मई तक काम शुरू नहीं हुआ तो टॉल प्लाजा पर वसूली बंद करा दी जायेगी और एनएचएआई कार्यालय में भी ताले ठोक देंगे। घेराव करने वालों में पार्षद प्रमोद शर्मा, अरूण शर्मा, राहुल शर्मा, जितेश गोस्वामी, शिव शर्मा, रवि शर्मा, ओमकार पाठक, नारायण जोशी, पुष्पेंद्र गंगवार, रविन्द्र, सुधीर, गगन अवस्थी, जितेंद्र यादव, मन्नू शर्मा, विक्की आहुजा, बंटी, रमेश गंगवार, तेजपाल, रजत, ईश्वर चंद, गुड्डू यादव, राजीव यादव सहित अन्य लोग शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *