Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

विवाहिता की संदिग्ध मौत,हत्या की आशंका

काशीपुर। संदिग्ध परिस्थितियों विवाहिता की मौत हो गई। पुलिस ने मृतका के शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया। खबर लिखे जाने तक मृतका के परिजनों द्वारा पुलिस को तहरीर देने की तैयारी चल रही है। जानकारी के अनुसार लगभग 12 वर्ष पूर्व ग्राम भऊआ नगला केलाखेड़ा निवासी युवक ने अपनी पुत्री का निकाह केलाखेड़ा निवासी युवक से किया था। परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद से ही ससुराल वाले उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। जिस पर ससुराल वालों को समझाने का प्रयास किया लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आए। जिसके पश्चात ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया गया। दोनों पक्षों के बीच पंचायत में समझौता होने पर विवाहिता को ससुराल वाले साथ ले गए। बताया जाता है कि लगभग 7 माह पूर्व प्रेम प्रसंग के चलते उसके पति ने दूसरी शादी कर ली। विरोध करने पर उसे और भी प्रताड़ित किया जाने लगा। विगत रात्रि संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता ससुराल में मृत पाई गई। मृतका के परिजनों का आरोप है कि उसे जहर देकर मौत के घाट उतारा गया। इस मामले में मृतका के बड़े भाई द्वारा पुलिस को तहरीर देने की तैयारी चल रही है। मृतिका तीन पुत्रियों समेत भरा पूरा परिवार पीछे छोड़ गई। अचानक घटित घटना को लेकर उसके परिजनों में कोहराम मचा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *