February 14, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

महिला को उठा ले गया तेंदुआ
हल्द्वानी(उत्तरांचल दर्पण संवाददाता)। रानीबाग क्षेत्र में घास काटने के लिए घर से निकली महिला को तेंदुआ उठा ले गया। साठ वर्षीय महिला का शव बरामद कर दिया गया है। रानीबाग की रहने वाली 60 वर्षीय पुष्पा सांगुड़ी अन्य महिलाओं के साथ घास काटने के लिए गौला बैराज के पास जंगल में गई थी। सुबह करीब साढ़े आठ बजे के आसपास तेंदुए ने पुष्पा सांगुडी पर हमला कर दिया। अन्य महिलाएं कुछ समझ पातीं, तब तक तेंदुआ उसे घसीटते हुए काफी दूर तक ले गया। साथ की अन्य महिलाओं ने शोर मचाया तो आस पास के लोग पहुंचने शुरू हुए। बाद में गुलदार की शिकार महिला का क्षतविक्षत शव बरामद किया गया। वन विभाग, पुलिस और स्थानीय लोगों ने एक घंटे की मशक्कत महिला का शव बरामद किया। वन विभाग और प्रशासन अग्रिम कार्रवाई में जुटा है। वहीं तेंदुए के हमले की शिकार ताई को ढूंढने निकला भतीजा विक्की पहाड़ी से गिरकर चोटिल हो गया। 108 एंबुलेंस की मदद से हल्द्वानी अस्पताल भेजा गया। बता दें इलाके में पिछले तीन सप्ताह से आदमखोर तेंदुए का आंतक बना हुआ है। स्थानीय लोग वन विभाग ने कई बार तेंदुए को पकड़ने की मांग कर चुके हैं। 15 दिन के भीतर दूसरी घटना से ग्रामीणों में दहशत के साथ ही वन विभाग के खिलाफ जबर्दस्त आक्रोश बना हुआ है। बताते चलें कि विगत 23 जून को इसी क्षेत्र के सुनकोट गांव में मंदिर जा रही महिला भगवती देवी पर आदमखोर गुलदार ने हमला कर मौत के घाट उतार दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *