February 14, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

चोरी के पेट्रोल डीजल के साथ दो दबोचे

चोरी के पेट्रोल डीजल के साथ दो दबोचे
किच्छा(उद संवाददाता)। टैंकरों से डीजल और पेट्रोल चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में चोरी के तेल के साथ दो लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में डीजल और पेट्रोल बरामद किया है। पुलिस मामले में गिरोह के अन्य लोगों को भी तलाश रही है। बता दें यूपी और उत्तराखण्ड की सीमा पर पेट्रोल और डीजल के टैंकरों से लम्बे समय से डीजल और पेट्रोल चोरी होने की शिकायतें मिल रही थी। आज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली। किच्छा कोतवाली में तैनात एसआई राजेन्द्र कुमार जब सुबह ड्यूटी पर थे तो उन्हें बाइक संख्या यूपी 22ए एम 9381 और यूपी 22एपी 7003 पर दो लोग गेलन में डीजल और पेट्रोल ले जाते हुए दिखाई दिये। संदेह होने पर पुलिस ने उन्हें रोक लिया छानबीन करने पर पता चला कि वह तेल चोरी का था। पुलिस ने बाइक चालक ग्राम बड़ागांव थाना मिलक निवासी महेंद्र पाल पुत्र खेमकरन लाल और मोरपाल पुत्र हेमराज निवासी इनायतपुर थाना मिलक को हिरासत में ले लिया। दोनों के पास से गेलनों में करीब डेढ़ सौ लीटर तेल बरामद किया गया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि दोनों डीजल और पेट्रोल को पास ही स्थित एक होटल से खरीदकर ले जा रहे हैं। बताया जाता है कि पुलिस ने छानबीन कर एक ढाबे के पास से बड़ी मात्रा में स्टोर किया गया डीजल और पेट्रोल भी बरामद किया है। पता चला है कि यह तेल टैंकरों से चोरी करके यहां जमा किया जा रहा था। फिलहाल पुलिस इस मामले में अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *