February 13, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

संदिग्ध परिस्थितियों में फैक्ट्री कर्मी की मौत

संदिग्ध परिस्थितियों में फैक्ट्री कर्मी की मौत
रुद्रपुर (उद संवाददाता) आज प्रातः ट्रांजिट कैम्प थाना क्षेत्र में सिडकुल की एक फैक्ट्री में कार्यरत श्रमिक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वहां मौजूद लोगों से मृतक के संदर्भ में आवश्यक जानकारी ली और शव कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। जानकारी के अनुसार मूल रूप से पिथौरागढ़ निवासी गोविंद पुत्र खुशमान सिंह यहां सिडकुल स्थित एक फैक्ट्री में काम करता था और अपने एक साथी के साथ ट्रांजिट कैंप मैं किराएदार के रूप में रहता था। बताया जाता है कि गोविंद का साथी गत सायं  फैक्ट्री में ड्यूटी के लिए गया था। आज प्रातः  वह फैक्ट्री में ड्यूटी समाप्त कर वापस कमरे पर पहुंचा तो दरवाजा खटखटाने पर जब गोविंद ने दरवाजा नहीं खोला तो साथी ने कुछ देर इंतजार किया। जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खोला तो उसने आस पड़ोस के लोगों को बुलवाया। किसी तरह जब दरवाजा खोलकर भीतर देखा गया तो गोविंद चारपाई पर बेसुध पड़ा हुआ था और उसकी मौत हो चुकी थी। जानकारी मिलने पर पुलिस कर्मी भी आ पहुंचे और उन्होंने मृतक गोविंद के संदर्भ में आवश्यक जानकारी ली और उसके परिजनों को घटना से अवगत कराया। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। समाचार लिखने तक मृतक के परिजन नहीं पहुंचे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *