Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

अंधड़ से भारी नुकसान, कई मकानों की छतें उड़ी

अंधड़ से भारी नुकसान, कई मकानों की छतें उड़ी
रूद्रपुर/लालपुर/गदरपुर। देर रात अंधड़ से जगह जगह कई पेड़ धराशायी हो गये। वहीं कई रिहायशी इलाकों में भी नुकसान पहुंचा है। कई घरों की छतें उड़ गयी। रात करीब ढाई बजे तेज अंधड़ ने कई जगह जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया। कई स्थानों पर बिजली की तारें टूटने से आज आपूर्ति बाधित हो गयी। वहीं कई स्थानों पर पेड़ भी धराशायी हो गये। शहर के शिवनगर, ट्रांजिट कैम्प, संजयनगर खेड़ा, रम्पुरा, भूतबंगला, आदि सहित कई स्थानों पर कई घरों के टीनशेड उड़ गये। जिससे लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।

लालपुर– देर रात अंधड़ से यहां भी भारी नुकसान पहुंचा। गिद्धपुरी में किसान श्याम लाल के गोदाम का टीन शेड उड़ गया। जिससे गोदाम में रखा सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया। श्याम लाल के मुताबिक उन्हें करीबडेढ़ लाख का नुकसान पहुंचा है। वहीं श्यामपुर कालोनी में बिपुल बैरागी के घर के तीन कमरों की छतें टूटकर गिर गयी। जबकि इन्द्रजीत, गोपला मित्र, राजन मित्र, जगरनाथ आदि के घरों की छतें भी आंधी से धराशायी हो गयी। कांग्रेस प्रदेश महामंत्री हरीश पनेरू ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने तहसीलदार से दूरभाष पर बात कर नुकसान का आंकलन करने और पीड़ितों को मुआवजा देने की मांग की।

गदरपुर बीती रात्रि तेज बारिश के साथ चली हवाओं से नगर एवं शहरी क्षेत्र में कई कच्चे-पक्के घरों को जबरदस्त नुकसान पहुंचा है।  तेज हवाओं ने जहां आम और लीची की फसल को भारी नुकसान पहुंचाया हैं वहीं, बारिश ने खेतों में गेहूं की नाड से भूसा बनाने के कार्य को भी प्रभावित किया जिससे किसानों को काफी नुकसान होने की संभावना है। आए दिन मौसम के बनते बिगड़ते मिजाज से किसानों के चेहरे पर हवाइयां उड़ रही हैं क्योंकि पहले गेहूं की फसल की कटाई के दौरान हुई तेज बारिश के कारण गेहूं की फसल को उठाने में किसानों को भारी मशक्कत का सामना करना पड़ा था। किसानों को अपने खेतों में गेहूं की नाड से उसे बनाने के कार्य में भी काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा क्योंकि आए दिन हो रही तेज बारिश और आंधी तूफान के चलने से कामकाज पर भी बुरा असर पड़ रहा है। बीते बुधवार की मध्यरात्रि भी तेज बारिश के साथ आए आंधी-तूफान में ग्रामीण क्षेत्रों में कई कच्चे घरों को तबाह कर दिया। शहरी क्षेत्र में भी कई कच्चे घर और टीन शेड धराशाई हो गए। नगर के वार्ड नंबर 6 से लगती सेमल काॅलोनी एवं वार्ड नंबर 8 में खुर्शीद वाली गली में कई कच्चे घर धराशाई हो गए। वार्ड सभासद  मनोज गुंबर एवं सतीश कुमार मिड्डा ने तहसील प्रशासन से  प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराए जाने की मांग की है। वहीं, निकटवर्ती ग्राम मुकुंदपुर में बीती रात्रि तेज बारिश एवं हवाओं के कारण अहमद पुत्र सलीम अहमद, मुजफ्फर अली पुत्र अमजद अली, हनीफ पुत्र किफात अली के कच्चे घर धराशाई हो गए जिससे उनको काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।  ग्राम वासियों की परेशानी को ध्यान में रखते हुए युवक कांग्रेस कमेटी के प्रदेश सचिव मनीष कुमार उर्फ मन्नू चैधरी ने तहसील प्रशासन को अवगत करा कर पीड़ित परिवारों को आपदा मदद से सहायता उपलब्ध कराए जाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *