Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

कांग्रेस ने जारी किया भाजपा सरकार की विफलताओं का परिपत्र

देहरादून। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा के लिये केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार की विफलताओं का परिपत्र जारी किया। जिसमें ‘बहुत हुई जुमलों की मार,बदलो बदलो मोदी सरकार’ का नारा बनाया है। इस परिपत्र में पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा द्वारा किये गये वायदों की सूची बनायी है जिसमें केंद्र समेत राज्य की भाजपा सरकार की विफलताओं के साथ ही कई मुद्दों को उठाते हुए जनता से सत्ता परिवर्तन की अपील की गई है। इसके साथ ही कांग्रेस के परिपत्र में अयोध्या में राम मंदिर बनाने व गंगा सफाई के वायदे को भी जुमला साबित होने की बात कही है। राजीव भवन में वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा की विफलताओं का परिपत्र जारी करते हुए कहा कि पूरे देश में परिवर्तन का महौल बन गया है। अब आगामी लोकसभा चुनाव में केंद्र की भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर करने का वक्त आ गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस उत्तराखंड की पांच सीटों पर पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेगी और भाजपा के खिलाफ जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि तीन राज्यों में कांग्रेस की सरकार बनते ही किसानों का कर्ज माफ कर दिया गया है लेकिन केंद्र सरकार अब तक किसानों की सुध नहीं ले रही है। उन्होंने कहा कि नोटबंदी, जीएसटी एवं तमाम जनविरोधी फैसलों से जनता भाजपा को सबक सिखाने के लिए तैयार है। हर साल दो करोड़ लोगों को नौकरी देने का भरोसा दिया था। कालाधन लाने के साथ हर परिवार के खाते में 15 लाख जमा करने का भरोसा दिया था। सरकार में आने के बाद जनधन खातों में पैसा जमा करने का भरोसा जुम्ला साबित हुआ है। मोदी सरकार ने महंगाई कम करने, रोजगार दिलाने,कालाधन वालों को जेल भेजने, भ्रष्टाचार पर नियंत्रण का भरोसा दिया था लेकिन कोई भी वादा पूरा नहीं किया। वहीं प्रदेश कांग्रेस भवन में पत्रकारों से वार्ता करते हुए प्रीतम सिंह ने कहा कि इन जनमुद्दों उठाकर कांग्रेस पार्टी भाजपा सरकार के खिलाफ परिवर्तन रैली कर रही है। उन्होंने कहा कि परिवर्तन रैली त्यूनी से शुरू होगी और खटीमा शहीद स्थल में प्रवेश करेगी। रैली की सभी तैयारियों को अंतिमरुप दे दिया गया है। इस दौरान पूर्व काबिना मंत्री दिनेश अग्रवाल, अनुशासन समिति के प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, श्रीमती गोदावरी थापली व अन्य वरिष्ठ जन मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *