हादसे में बुझा घर का इकलौता चिराग
रूद्रपुर,(उद संवाददाता)। गतरात्रि नैनीताल मार्ग पर परशुराम चैक के समीप खड़े ट्रक के पीछे तीव्र गति से अनियंत्रित बाइक के टकरा जाने से फैक्ट्रीकर्मी युवक की मौत हो गयी जो परिवार की इकलौती संतान थी। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। जानकारी के अनुसार मूलरूप से खटीमा निवासी 27वर्षीय हेमचंद जोशी पुत्र भास्कर जोशी यहां सुभाष कालोनी में किरायेदार के रूप में रहता था और सिडकुल स्थित फैक्ट्री में काम करता था। बताया जाता है कि गतरात्रि फैक्ट्री में ड्यूटी समाप्त कर अपनी बाइक संख्या यूके-06एस/2818 पर सवार होकर घर लौट रहा था। परशुराम चैक के समीप पेट्रोल पम्पके सामने मार्ग किनारे खड़े ट्रक से उसकी मोटर साइकिल तीव्र गति से जा भिड़ी। इस दुर्घटना में हेम गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी मिलने पर उसके परिचित घटनास्थल पर आ पहुंचे और उसे समीप ही स्थित निजी चिकित्सालय उपचार के लिए ले जाया गया जहां उसकी हालत में कोई सुधार न होता देख उसे जिला चिकित्सालय ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित किया। हेम की मौत सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि हेम इकलौती संतान थी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर दोनों वाहनों को कब्जे में लिया तथा चिकित्सालय पहुंचकर मृतक हेम के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
